ऑटो न्यूज़

Petrol भी, बिजली भी! आखिर कैसे चलती है Hybrid Car? समझें पूरा सिस्टम

हाइब्रिड कारों की खासियत ही यही होती है कि इनमें पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर भी दी जाती है। ऐसे में सवाल यही कि ये कारें पेट्रोल और बिजली, दोनों की मदद से आखिर चलती कैसे हैं?

Image

हाइब्रिड कार का सिस्टम कैसे करता है काम (AI Generated Image)

भारत में हाइब्रिड कारों का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। पेट्रोल (Petrol) की खपत कम करने और बेहतर माइलेज पाने के लिए इस तकनीक को पसंद किया जा रहा है। हाइब्रिड कारों की खासियत यह है कि इनमें पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर भी दी जाती है। ऐसे में सवाल उठता है कि ये कारें पेट्रोल और बिजली, दोनों की मदद से आखिर चलती कैसे हैं? आइए, इसका पूरा सिस्टम समझते हैं-

हाइब्रिड कार क्या होती है?

हाइब्रिड कार (Hybrid Car) ऐसी गाड़ी होती है, जिसमें दो तरह की पावर का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर मिलकर पहियों को चलाने में मदद करते हैं। इलेक्ट्रिक मोटर को ऊर्जा देने के लिए कार में बैटरी लगी होती है। हालांकि, सामान्य हाइब्रिड कार में इस बैटरी को चार्ज करने के लिए अलग से चार्जिंग स्टेशन की जरूरत नहीं पड़ती। इसकी बैटरी ड्राइविंग के दौरान खुद चार्ज होती रहती है।

कैसे काम करता है पेट्रोल और बिजली का सिस्टम?

हाइब्रिड कार का सिस्टम गाड़ी की रफ्तार, बैटरी में मौजूद ऊर्जा और ड्राइविंग की स्थिति के हिसाब से काम करता है। इसमें मुख्य रूप से तीन तरह की परिस्थितियां देखने को मिलती हैं-

कम रफ्तार पर बिजली से चलना: जब कार धीमी गति से चल रही होती है या ट्रैफिक में धीरे-धीरे आगे बढ़ती है, तब कुछ हाइब्रिड कारें केवल इलेक्ट्रिक मोटर की मदद से चल सकती हैं। इससे पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल कम होता है और फ्यूल की बचत होती है। हालांकि, यह सुविधा कार के मॉडल और बैटरी की स्थिति पर निर्भर करती है।

तेज रफ्तार पर पेट्रोल इंजन की मदद: जब ड्राइवर तेजी से एक्सीलरेटर दबाता है या कार को ज्यादा ताकत की जरूरत होती है, तब पेट्रोल इंजन काम करता है। जरूरत के अनुसार इलेक्ट्रिक मोटर भी इंजन की मदद करती है। दोनों के संयुक्त इस्तेमाल से कार को बेहतर पावर मिल सकती है।

ब्रेक लगाने पर बैटरी चार्ज होना: हाइब्रिड कारों में रीजेनरेटिव ब्रेकिंग तकनीक का इस्तेमाल होता है। सामान्य कार में ब्रेक लगाने पर ज्यादातर ऊर्जा गर्मी के रूप में निकल जाती है। वहीं, हाइब्रिड कार में इस ऊर्जा का एक हिस्सा बिजली में बदलकर बैटरी में जमा किया जाता है। इससे बैटरी को दोबारा ऊर्जा मिलती है।

क्या हाइब्रिड कार को चार्ज करना पड़ता है?

सामान्य हाइब्रिड कार को बाहरी चार्जर से चार्ज करने की जरूरत नहीं होती। इसका पेट्रोल इंजन और रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम बैटरी को चार्ज करने में मदद करते हैं। हालांकि, प्लग-इन हाइब्रिड कारों को बाहरी चार्जर से भी चार्ज किया जा सकता है।

क्या हाइब्रिड कार ज्यादा माइलेज देती है?

हाइब्रिड कार खासकर शहर के ट्रैफिक में बेहतर माइलेज दे सकती है, क्योंकि इसमें इलेक्ट्रिक मोटर पेट्रोल इंजन का काम कम करती है। हालांकि, वास्तविक माइलेज कार के मॉडल, सड़क की स्थिति और ड्राइविंग स्टाइल पर निर्भर करता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article