ऑटो न्यूज़

अगस्त में फिर बढ़ेंगें Maruti की गाड़ियों के दाम, 30 हजार रुपये तक महंगी हो जाएंगी कारें

अगर आप भी Maruti Suzuki की नई कार खरीदने का विचार कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए और भी जरूरी हो जाती है। कंपनी अगस्त 2026 से अपने अलग-अलग मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही है।

Image

अगस्त से महंगी हो जाएंगी मारुति की गाड़ियां (Photo: iStock)

Maruti Suzuki Price Hike: देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki India ने अपने ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है। कंपनी ने घोषणा की है कि अगले महीने यानी अगस्त में मारुति के अलग-अलग मॉडल्स की कीमतें 30 हजार रुपये तक बढ़ा दी जाएंगी। यह बढ़ोतरी सभी मॉडलों पर एक समान नहीं होगी, बल्कि अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के अनुसार कीमतों में बदलाव किया जाएगा। इस फैसले का उन ग्राहकों पर सबसे अधिक असर पड़ेगा, जो आने वाले दिनों में नई Maruti Suzuki कार खरीदने की योजना बना रहे हैं। ऐसे ग्राहकों को अगस्त के बाद पहले की तुलना में अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी।

क्यों बढ़ाई जा रही हैं कारों की कीमतें?

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मारुति ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि पिछले कई महीनों से कंपनी बढ़ती लागत के असर को कम करने के लिए अलग-अलग स्तरों पर लागत घटाने के प्रयास कर रही थी। हालांकि, लगातार बढ़ रही इनपुट कॉस्ट, महंगाई के दबाव और प्रतिकूल लागत माहौल के कारण अब कंपनी के लिए कीमतों में बढ़ोतरी करना जरूरी हो गया है। इसी वजह से बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाया जाएगा।

अधिकतम 30,000 रुपये तक बढ़ सकती है कीमत

Maruti Suzuki के अनुसार, कंपनी के पोर्टफोलियो में शामिल अलग-अलग मॉडलों की कीमत में अधिकतम 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की जाएगी। हालांकि, किस मॉडल पर कितनी कीमत बढ़ेगी, इसे लेकर फिलहाल पूरी जानकारी नहीं दी गई है। Maruti Suzuki की भारतीय बाजार में एंट्री-लेवल हैचबैक से लेकर प्रीमियम एमपीवी और एसयूवी तक कई लोकप्रिय कारें मौजूद हैं। ऐसे में संभावना है कि कंपनी के पोर्टफोलियो में शामिल अधिकांश मॉडल इस कीमत बढ़ोतरी के दायरे में आएंगे।

ग्राहकों को क्या करना चाहिए?

अगर आप पहले से Maruti Suzuki की कोई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं तो अगस्त से पहले बुकिंग या खरीदारी करना फायदेमंद हो सकता है। कीमतों में बढ़ोतरी लागू होने के बाद नई बुकिंग पर संशोधित एक्स-शोरूम कीमत लागू हो सकती है। हालांकि, यह संबंधित डीलरशिप की बुकिंग शर्तों और कंपनी की नीति पर भी निर्भर करेगा। इसलिए खरीदारी से पहले अपने नजदीकी डीलर से नई कीमतों और डिलीवरी की शर्तों की जानकारी जरूर लें।

इससे पहले मई में कंपनी ने कहा था कि वह लागत में बढ़ोतरी के असर को कम करने के लिए लगातार अलग-अलग लागत-कम करने वाले (Cost Reduction) उपायों पर काम कर रही है, ताकि ग्राहकों पर कीमत बढ़ाने का बोझ कम से कम पड़े। वहीं, फरवरी में कंपनी ने बताया था कि वह कारों की कीमतों में एक और बढ़ोतरी पर विचार कर रही है, क्योंकि कीमती धातुओं (Precious Metals) और अन्य कमोडिटी (Commodities) की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही थी।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article