2023 Maruti Suzuki Ignis Discounts In April: मारुति सुजुकी ने इग्निस हैचबैक पर 30 अप्रैल तक 44,000 रुपये का डिस्काउंट दिया है। इसमें 25,000 रुपये तक कैश डिस्काउंट, 15,000 रुपये तक एक्सचेंज बोनस और 4,000 रुपये का कॉर्पोरेट डिस्काउंट शामिल है। कार की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 5.82 लाख रुपये है और कम बजट की ये कार प्रीमियम फीचर्स के साथ बेची जा रही है. इसके अलावा कंपनी ने नई इग्निस के सभी वेरिएंट्स में अलग से कई सेफ्टी फीचर्स भी दिए हैं.
कितनी बढ़ी नई कार की कीमत
मारुति सुजुकी ने कुछ समय पहले ही मार्केट में नई इग्निस लॉन्च की है और 2023 मॉडल के साथ कंपनी ने खूब सारे हाइटेक फीचर्स दिए हैं. नए ईंधन नियमों के हिसाब से बदलाव और अलग से सेफ्टी फीचर्स देनने के बदले में मारुति सुजुकी ने इस किफायती कार की कीमत में भी इजाफा किया है. नई इग्निस 27,000 रुपये तक महंगी हो गई है. 5.82 लाख रुपये से शुरू होने वाली नई इग्निस की कीमत टॉप मॉडल अल्फा एएमटी डुअल-टोन वेरिएंट के लिए 8.01 लाख रुपये तक जाती है.
2023 इग्निस को मिले कई नए फीचर्स
मारुति सुजुकी ने 2023 इग्निस के साथ अब कई नए सेफ्टी फीचर्स जोड़ दिए हैं जो कार के सभी वेरिएंट्स में उपलब्ध कराए गए हैं. इन फीचर्स में इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम और हिल होल्ड असिस्ट शामिल हैं. इंजन की बात करें तो यहां पहले जैसा 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन मिला है जो 82 बीएचपी ताकत और 113 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है. कंपनी ने इस इंजन को 5-स्पीड मैनुअल और एएमटी गियरबॉक्स से लैस किया है.
