Maruti Suzuki ने अपने भारतीय ग्राहकों के लिए एक नया स्मार्ट मेंटेनेंस प्लान (Smart Maintenance Plan) लॉन्च किया है। यह प्लान गाड़ी की मेंटेनेंस को अधिक किफायती, आसान और अनुमानित बनाने का दावा करता है।
क्या है Smart Maintenance Plan?
Maruti Suzuki ने एक नई आफ्टर-सेल्स पहल के तहत Smart Maintenance Plan पेश किया है। यह स्कीम प्रीपेड सर्विस पैकेज के रूप में उपलब्ध होगी, जिसके जरिए ग्राहक पहले से ही गाड़ी की मेंटेनेंस की लागत तय कर सकते हैं और भविष्य में सर्विस कीमतों में होने वाली बढ़ोतरी से बच सकते हैं। कंपनी के अनुसार, यह योजना निजी (Private) और व्यावसायिक (Commercial) दोनों तरह के वाहन मालिकों के लिए उपलब्ध है। ग्राहक इसे नई कार खरीदते समय या बाद में किसी भी ऑथराइज्ड मारुति सुजुकी वर्कशॉप से खरीद सकते हैं।
ग्राहकों की जरूरत के अनुसार कई विकल्प
Maruti Suzuki Smart Maintenance Plan की सबसे बड़ी खासियत इसकी फ्लेक्सिबिलिटी है। कंपनी ग्राहकों को उनकी जरूरत और बजट के अनुसार अलग-अलग पैकेज चुनने की सुविधा दे रही है। ग्राहक केवल लेबर चार्ज को कवर करने वाला प्लान चुन सकते हैं, जबकि अधिक व्यापक कवरेज चाहने वाले ग्राहक पार्ट्स और लेबर दोनों को शामिल करने वाले पैकेज का विकल्प ले सकते हैं। इसके अलावा, कमर्शियल वाहन मालिकों के लिए अलग सर्विस प्लान भी उपलब्ध हैं। योजना में ग्राहक की मांग के अनुसार अतिरिक्त सेवाओं को शामिल करने की सुविधा भी दी गई है। साथ ही इंजन ऑयल और कूलेंट बदलने जैसी महत्वपूर्ण मेंटेनेंस सेवाएं भी पैकेज का हिस्सा बन सकती हैं।
इसके अलावा, कंपनी ने ऑप्शनल Wear-and-Tear Protection भी शामिल किया है, जिसमें क्लच और ब्रेक जैसे कुछ चुनिंदा पार्ट्स को कवर किया जाएगा। इससे अचानक आने वाले मेंटनेंस खर्च को कम करने में मदद मिलेगी।
कम होगी मेंटेनेंस लागत
Maruti Suzuki का दावा है कि इस स्कीम को चुनने वाले ग्राहकों को लेबर चार्ज पर कम से कम 10 प्रतिशत तक की बचत होगी। चुने गए पैकेज के आधार पर पार्ट्स और दूसरे कंज्यूमेबल्स (Consumables) पर भी अतिरिक्त बचत संभव है।
10 साल तक की कवरेज
Smart Maintenance Plan में अलग-अलग अवधि और माइलेज के विकल्प दिए गए हैं। निजी वाहन मालिक 2 साल/20,000 किलोमीटर से लेकर 10 साल/1,00,000 किलोमीटर तक की योजना चुन सकते हैं। वहीं कमर्शियल वाहन ग्राहकों के लिए कवरेज 10 साल या 1,60,000 किलोमीटर तक उपलब्ध है। अच्छी बात ये है कि भारत में किसी भी ऑथराइज्ड मारुति सुजुकी वर्कशॉप पर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं, चाहे योजना मूल रूप से किसी भी शहर में खरीदी गई हो।
