Maruti Suzuki Price Hike: मारुति सुजुकी इंडिया ने समग्र मुद्रास्फीति तथा बढ़ी हुई जिंस दरों के कारण लागत दबाव का हवाला देते हुए सोमवार को कहा कि वह जनवरी 2024 में अपने वाहनों की कीमतें बढ़ाने की योजना बना रही है। कंपनी कम कीमत की छोटी कार ऑल्टो से लेकर मल्टी-यूटिलिटी वाहन इनविक्टो तक वाहनों की एक श्रृंखला बेचती है। इनकी कीमत 3.54 लाख रुपये से 28.42 लाख रुपये (एक्स-शोरूम दिल्ली) के बीच है। हालांकि, कंपनी ने अब दाम कितने बढ़ाए जाएंगे इसकी कोई जानकारी नहीं दी।
जनवरी 2024 से लागू होंगे नए दाम
मारुति सुजुकी इंडिया ने शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा, ‘‘ कंपनी ने समग्र मुद्रास्फीति और बढ़ी हुई जिंस कीमतों के चलते लागत दबाव में वृद्धि के कारण जनवरी 2024 में अपनी कारों की कीमतें बढ़ाने की योजना बनाई है। ’’ बिक्री के मामले में ये भारतीय मार्केट की सबसे बड़ी कंपनी है और अपनी सस्ती कारों के लिए ही ग्राहकों के बीच पॉपुलर भी है। हालांकि बीते करीब 2 साल से कंपनी की सस्ती कारों के मुकाबले मिड लेवल और महंगी कारों को ज्यादा पसंद किया जा रहा है।
ऑडी कारें भी हुईं महंगी
जर्मनी की लक्जरी कार निर्माता कंपनी ऑडी ने भी कच्चे माल की मांग और परिचालन लागत बढ़ने का हवाला देते हुए अगले साल जनवरी से भारत में अपने वाहनों की कीमतें दो प्रतिशत तक बढ़ाने की घोषणा की है। मारुति सुजुकी की तरह ऑडी भी कीमत बढ़ाने की घोषणा अभी की है, लेकिन बढ़ी हुई कीमत जनवरी 2024 से लागू की जाएंगी। सिर्फ ये दोनों कंपनियां नहीं, लगभग सभी बड़े वाहन निर्माता अगले महीने के अंत तक वाहनों के दाम बढ़ाने का ऐलान कर देंगे।
