ऑटो न्यूज़

अब और भी दमदार होगी Maruti Brezza! इन दो बड़े बदलावों के साथ जल्द लॉन्च होगा फेसलिफ्ट मॉडल

मारुति अपने ग्राहकों को लिए जल्द नई Maruti Brezza Facelift को लॉन्च करने जा रही है। कंपनी की ओर से इस एसयूवी को दो बड़े अपडेट मिल सकते हैं।

Image

2026 Maruti Brezza Facelift (Representative image)

देश की सबसे लोकप्रिय सब-4 मीटर एसयूवी में शामिल Maruti Brezza को जल्द ही बड़ा अपडेट मिलने वाला है। कंपनी 2026 Maruti Brezza Facelift को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। नई Brezza में बदलावों के साथ दो बड़े अपग्रेड देखने को मिल सकते हैं, जो इसे अपने सेगमेंट में और अधिक प्रतिस्पर्धी बना सकते हैं।

मिलेगा नया टर्बो-पेट्रोल इंजन

नई Brezza Facelift का सबसे बड़ा बदलाव इसके इंजन लाइनअप में देखने को मिल सकता है। एसयूवी में Fronx से लिया गया 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन शामिल किया जा सकता है। यह इंजन लगभग 100 PS की पावर और 147.6 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। बताया जा रहा है कि इसे नए 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ पेश किया जा सकता है। हालांकि, मौजूदा 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन और CNG पावरट्रेन को भी लाइनअप में बनाए रखने की संभावना है।

मिलेगा ADAS सेफ्टी फीचर

इसके अलावा, नई 2026 Maruti Brezza की टेस्टिंग के दौरान एक मॉडल में फ्रंट ग्रिल के बीचों-बीच रडार यूनिट लगी हुई दिखाई दी, जिससे संकेत मिलता है कि इसमें ADAS (Advanced Driver Assistance Systems) सेफ्टी फीचर्स दिए जा सकते हैं। ADAS ऐसी तकनीक है, जो ड्राइवर को सड़क पर खतरों से बचाने में मदद करती है। Brezza के कई प्रमुख प्रतिद्वंद्वी जैसे Kia Sonet, Hyundai Venue, Tata Nexon और Mahindra XUV 3XO पहले से ही ADAS फीचर्स के साथ आते हैं। ऐसे में अगर नई Brezza में भी यह तकनीक मिलती है, तो यह ग्राहकों के लिए ज्यादा सुरक्षित और आधुनिक विकल्प बन सकती है तथा सब-कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में इसकी स्थिति और मजबूत हो जाएगी।

CNG वेरिएंट में मिलेगा नया लेआउट

एक और बड़ा अपडेट CNG मॉडल में देखने को मिल सकता है। नई Brezza CNG में अंडरबॉडी CNG टैंक लेआउट दिया जा सकता है। मौजूदा मॉडल में CNG सिलेंडर बूट स्पेस का बड़ा हिस्सा घेर लेता है, लेकिन नए सेटअप में सिलेंडर गाड़ी के नीचे लगाया जाएगा। इससे बूट स्पेस बढ़ाने में मदद मिलेगी और ग्राहकों को ज्यादा उपयोगी सामान रखने की जगह मिल सकेगी।

फीचर्स में भी हो सकता है बड़ा सुधार

नई Brezza के इंटीरियर में भी कुछ महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया जा सकता है, जो 10.1 इंच या 10.25 इंच का हो सकता है। इसके अलावा नए ट्रिम्स, अपहोल्स्ट्री और केबिन थीम मिलने की संभावना है।

डिजाइन में होंगे हल्के बदलाव

Maruti Brezza Facelift के बाहरी डिजाइन में बहुत बड़े बदलाव नहीं किए जाएंगे, लेकिन इसे नया लुक देने के लिए कुछ कॉस्मेटिक अपडेट जरूर मिल सकते हैं। इसमें नए अलॉय व्हील्स, अपडेटेड बंपर और अपडेटेड LED टेललैंप्स देखने को मिल सकते हैं।

लॉन्च कब हो सकती है?

नई 2026 Maruti Brezza Facelift अगले कुछ महीनों में भारतीय बाजार में दस्तक दे सकती है। कंपनी ने अभी आधिकारिक लॉन्च डेट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन टेस्टिंग मॉडल कई बार सड़कों पर देखा जा चुका है, जिससे संकेत मिलता है कि लॉन्च ज्यादा दूर नहीं है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article