ऑटो न्यूज़

Mahindra Scorpio N खरीदना अब हुआ महंगा, जानें कंपनी ने कितनी बढ़ाई SUV की कीमत

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Jan 29, 2024, 09:02 PM IST

महिंद्रा ऑटोमोटिव ने ग्राहकों की चहेती एसयूवी स्कॉर्पियो एन की कीमत में 39,300 रुपये तक बढ़ोतरी की है। Scorpio N SUV की नई शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 13.60 रुपये है जो 24.54 लाख तक जाती है।

Image

महिंद्रा स्कॉर्पियो एन की नई शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 13.60 रुपये है जो 24.54 लाख तक जाती है।

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • महिंद्रा स्कॉर्पियो की कीमत बढ़ी
  • 39,300 रुपये तक हुई बढ़ोतरी
  • भारत में ग्राहकों के बीच पॉपुलर

Mahindra Scorpio N Price Hike: महिंद्रा ने भारतीय मार्केट में ग्राहकों के बीच बेहद पॉपुलर हो चुकी स्कॉर्पियो एन एसयूवी की कीमत में 39,300 रुपये तक बढ़ोतरी की है। कंपनी ने सबसे ज्यादा दाम एसयूवी के Z8L पेट्रोल एमटी 6S और Z8L डीजल MT 2WD 6S वेरिएंट के बढ़ाए हैं। दूसरी तरफ कुछ चुनिंदा वेरिएंट - Z8L डीजल AT 4WD 7S, Z8 डीजल AT 4WD 7S, Z8L डीजल MT 4WD 7S, Z8 डीजल AT 4WD 7S, Z4 डीजल AT 4WD 7S और Z4 डीजल MT 4WD 7S की कीमत सिर्फ 600 रुपये बढ़ाई गई है। महिंद्रा स्कॉर्पियो एन की नई शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 13.60 रुपये है जो 24.54 लाख तक जाती है।

जोरदार है नई स्कॉर्पियो का मुकाबला

महिंद्रा ने नई स्कॉर्पियो एन को अर्बन एसयूवी कहा है जो बिल्कुल नए सिरे से तैयार की गई है और इसके साथ सबकुछ नया दिया गया है। नई जनरेशन मॉडल का एक्सटीरियर और इंटीरियर मौजूदा मॉडल के मुकाबले बिल्कुल नया है। मुकाबले पर नजर डालें तो भारतीय मार्केट में इसका मुकाबला टाटा हैरियर, टाटा सफारी, ह्यून्दे क्रेटा और ह्यून्दे एल्कजार जैसी कारों से होने वाला है।

स्कॉर्पियो क्लासिक की तुलना में बड़ी

महिंद्रा स्कॉर्पियो एन की तुलना स्कॉर्पियो क्लासिक से करें तो ये 206 मिमी लंबी, 97 मिमी चौड़ी और 70 मिमी ज्यादा व्हीलबेस के साथ मार्केट में उतारी गई है। नई जनरेशन के साथ 17-इंच डायमंड कट अलॉय व्हील्स, एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप्स, एलईडी टेललैंप्स, इलेक्ट्रिक ओआरवीएम और शार्कफिन एंटीना जैसे बाहरी बदलाव दिए गए हैं। ये एसयूवी 7 रंगों - डीप फॉरेस्ट, डैजलिंग सिल्वर, रॉयल गोल्ड, नपोली ब्लैक, ऐवरेस्ट व्हाइट, रैड रेज और ग्रैंड कैनन में पेश की गई है।

केबिन में क्या-क्या मिला

व्हीलबेस बढ़ने से नई स्कॉर्पियो एन का केबिन पहले ज्यादा जगह वाला हो गया है और महिंद्रा ने इसे प्रीमियम बनाया है। यहां 12 स्पीकर्स वाले सोनी सिस्टम के साथ 3डी सराउंड साउंड सिस्टम, ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी, 20.32 इंच का इंफोटेनमेंट स्क्रीन, सेगमेंट में सबसे चौड़ी सनरूफ, लेदरेट सीट्स और 70 से ज्यादा कनेक्टेड कार फीचर्स एसयूवी के केबिन में दिए गए हैं। यहां एड्रीनॉक्स के जरिए टेंपरेचर कंट्रोल किया जा सकता है, इसके अलावा दावा है कि ये दुनिया की पहली एसयूवी है जिसे व्हाट3वर्ड्स नेविगेशन सिस्टम दिया गया है जो वॉइस कमांड पर काम करता है।

कितना दमदार है इंजन

नई स्कॉर्पियो एन के साथ एमस्टेलियन पेट्रोल इंजन दिया गया है जो 200 पीएस ताकत और 380 एनएम पीक टॉर्क बनाता है। दूसरी ओर एमहॉक डीजल इंजन 175 पीएस पावर और 400 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। ये नई एसयूवी सेगमेंट की सबसे कम प्रदूषण फैलाने वाली कार बनकर सामने आई है। कंपनी ने इस दोनों इंजन को 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स विकल्पों से लैस किया है। इसके साथ ही सेगमेंट में पहली बार शिफ्ट बाय केबल तकनीक का इस्तेमाल भी इसी एसयूवी में किया गया है।

सेफ्टी में भी जोरदार है नई एसयूवी

महिंद्रा स्कॉर्पियो एन के साथ 6 एयरबैग्स, एबीएस के साथ ईबीडी, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम, हिल होल्ड कंट्रोल, ब्रेक डिस्क वाइपिंग, इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक प्रीफिल, ई-कॉल, एसओएस स्विच और रोल ओवर मिटिगेशन जैसे कई और सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा नई एसयूवी कई ड्राइविंग मोड्स के साथ आई है जिनमें टारमेक, स्नो, मड और डेजर्ट शामिल हैं। नई कार को 4एक्सप्लोर टेरेन मैनेजमेंट सिस्टम भी दिया गया है।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article