Mahindra BE 6 Batman Edition Buyback: देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी महिंद्रा ने अपनी इलेक्ट्रिक SUV BE 6 बैटमैन एडिशन को लेकर बड़ा फैसला लिया है। कंपनी ने इस खास मॉडल के शुरुआती खरीदारों के लिए बायबैक ऑफर देने की घोषणा की है। यह फैसला उस समय लिया गया जब ग्राहकों ने इस गाड़ी की “लिमिटेड एडिशन” पहचान पर सवाल उठाए हैं।
दरअसल, जब इस एडिशन को अगस्त 2025 में लॉन्च किया गया था, तब कंपनी ने इसे केवल 999 यूनिट्स तक सीमित बताया था। ये सभी यूनिट्स कुछ ही मिनटों में बिक गई थीं, जिससे इसकी एक्सक्लूसिविटी और भी बढ़ गई थी।
दूसरे बैच ने बढ़ाई ग्राहकों की नाराजगी
विवाद तब शुरू हुआ जब महिंद्रा ने मार्च 2026 में इसी मॉडल का दूसरा बैच लॉन्च कर दिया। इस बार भी 999 यूनिट्स पेश की गईं। इतना ही नहीं इस बार कार की कीमत 70,000 रुपए अधिक भी रखी गई। बावजूद इसके यह बैच भी महज 7 मिनट में बिक गया। हालांकि, पहले बैच के खरीदारों को यह कदम पसंद नहीं आया। उनका मानना था कि जिस कार को “लिमिटेड” कहकर बेचा गया था, उसकी संख्या बढ़ने से उसकी खासियत और वैल्यू कम हो गई है।
ग्राहकों के भरोसे को बनाए रखने की कोशिश
ग्राहकों की इसी नाराजगी को देखते हुए महिंद्रा ने बायबैक ऑफर पेश किया है। कंपनी ने कहा है कि जो ग्राहक अपनी खरीद से संतुष्ट नहीं हैं, वे अपनी कार कंपनी को वापस बेच सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपनी डीलरशिप से संपर्क करना होगा। यह ऑफर 18 मार्च 2026 से शुरू होकर केवल 30 दिनों तक मान्य रहेगा और यह सुविधा केवल पहले बैच के खरीदारों के लिए उपलब्ध है।
क्या खास है बैटमैन एडिशन में
BE 6 बैटमैन एडिशन मुख्य रूप से डिजाइन और स्टाइल पर आधारित एक स्पेशल एडिशन है। इसमें बैटमैन-थीम वाले डेकल्स, बैजिंग और एक्सक्लूसिव स्टाइलिंग दी गई है। यह कार 79kWh बैटरी पैक के साथ आती है, जिसकी दावा की गई रेंज 682 किमी है। साथ ही इसमें रियर-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर दिया गया है, जो 286hp की पावर और 380Nm टॉर्क जनरेट करता है। इस कार की एक्स-शोरूम कीमत 28.49 लाख रुपए है।
