ऑटो न्यूज़

MG Comet EV के बदल गए दाम, कुछ वेरिएंट हुए महंगे तो टॉप मॉडल पर मिली राहत

एमजी मोटर की छोटी ईवी MG Comet EV की कीमतों में एक बार फिर बदलाव किया गया है। अब इस ईवी के कुछ वेरिएंट के लिए आपको पहले से ज्यादा कीमत चुकानी होगी।

Image

MG Comet ईवी के बदल गए दाम

अगर आप भी एक नई ईवी खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो ये जानकारी आपके काम की हो सकती है। अब आपको एमजी मोटर की छोटी इलेक्ट्रिक कार MG Comet EV की कीमतों में बदलाव देखने को मिलेगा। दरअसल, कंपनी ने दूसरी बार इस इलेक्ट्रिक कार की कीमतों में बदलाव किया है। इस साल पहले भी MG Comet की कीमतों में 17,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई थी। अब कंपनी ने दूसरी बार कीमतों में बदलाव किया है, जिसके तहत कुछ वेरिएंट 10,000 रुपये तक महंगे कर दिए हैं। हालांकि, ग्राहकों के लिए राहत की बात यह है कि BaaS (Battery as a Service) विकल्प के साथ आने वाले टॉप-स्पेक वेरिएंट की कीमतों में 10,000 रुपये तक की कटौती भी की गई है।

MG Comet के किन वेरिएंट की बढ़ीं कीमतें?

कंपनी ने MG Comet के अलग-अलग वेरिएंट की कीमतों में बदलाव किया है। इसके Executive, Excite, Excite FC, Exclusive Dual Tone और Exclusive FC Dual Tone वेरिएंट अब 10,000 रुपये महंगे हो गए हैं। यहां FC का मतलब फास्ट चार्जिंग है। वहीं, Exclusive Dual Tone और Exclusive FC Dual Tone के BaaS विकल्प वाले मॉडल की कीमतों में 10,000 रुपये की कटौती की गई है।

MG Comet की शुरुआती कीमत अब कितनी हुई?

इस बदलाव के बाद MG Comet की नई एक्स-शोरूम कीमतें (बैटरी और कार सहित) 7,89,800 रुपये से लेकर 10,16,800 रुपये तक हो गई हैं। दूसरी तरफ, BaaS ऑप्शन चुनते हैं तो कार की शुरुआती कीमत 4.99 लाख रुपये से लेकर 7.26 लाख रुपये तक चुकानी होगी। इसके अलावा बैटरी इस्तेमाल करने के लिए 3.3 रुपये प्रति किलोमीटर का शुल्क देना होगा। इस विकल्प में ग्राहक को कार की शुरुआती खरीद कीमत कम रखने का मौका मिलता है।

MG Comet EV के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन

MG Comet 4 सीटर कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक हैचबैक है। इसके छोटे साइज की वजह से इसे शहरों में रोजाना इस्तेमाल के लिए पसंद किया जाता है। साथ ही, तंग जगहों में पार्किंग को लेकर भी परेशानी नहीं आती। फीचर्स की बात करें तो इसमें 10.25 इंच का डुअल-स्क्रीन सेटअप मिलता है। इसके अलावा इलेक्ट्रिक ORVMs, टिल्ट एडजस्टेबल स्टीयरिंग, मैनुअल AC, पावर विंडो, चार स्पीकर वाला ऑडियो सिस्टम, रिवर्स कैमरा और मैनुअल IRVM जैसे फीचर्स दिए गए हैं।

पावरट्रेन की बात करें तो MG Comet में 17.3kWh का बैटरी पैक मिलता है। यह बैटरी फ्रंट व्हील ड्राइव (FWD) मोटर को पावर देती है, जो 41bhp की पावर और 110Nm का टॉर्क जनरेट करती है। चार्जिंग के लिए इसमें 3.3kW और 7kW AC चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। हालांकि, इस इलेक्ट्रिक कार में DC फास्ट चार्जिंग की सुविधा नहीं दी गई है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article