अभी सितंबर में ही जीएसटी 2.0 के आने के बाद सबसे ज्यादा हलचल ऑटो सेक्टर में देखने को मिली। जीएसटी में बदलाव के बाद नवरात्रि और धनतेरस के मौके पर गाड़ियों की खूब बिक्री हुई। जीएसटी में बदलाव के बाद 350cc तक की बाइक की कीमतों में भारी कटौती देखने को मिली, वहीं इससे ऊपर की बाइक की कीमतों में इजाफा देखने को मिला। अब KTM ने अपने ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है। कंपनी ने अपनी दो पॉपुलर बाइक्स की कीमतों में 27,000 रुपये की बढ़ोतरी की है।
KTM ने अपनी पॉपुलर बाइक KTM 390 Adventure की कीमत में 27,000 रुपये का इजाफा किया है, वहीं कंपनी की सस्ती बाइक्स में से एक KTM 390 Adventure X की कीमत में 22,410 रुपये का इजाफा हुआ है। KTM का यह फैसला एडवेंचर और बाइक लवर्स के लिए किसी झटके से कम नहीं है।
KTM ने अपनी बाइक के अन्य मॉडल 390, 390 Duke, RC 390 और हाल ही में लॉन्च हुई 390 Enduro की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया है। KTM 390 Adventure X की बात करें तो पहले इसकी कीमत 3.04 लाख रुपये थी जो कि अब 3.26 लाख रुपये हो गई है।
ऐसे में इसमें 22,410 रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है। इसी तरह स्टैंडर्ड 390 Adventure की कीमत अब 3.68 लाख रुपये से बढ़कर 3.95 लाख रुपये हो गई है। KTM 390 Adventure और Adventure X दोनों में 399cc का LC4c सिंगल सिलेंडर इंजन है।
