Akhilesh Yadav reaction SP MLAs Joining BJP: उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में साल 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले माहौल गरमाने लगा है। समाजवादी पार्टी को उस समय एक बड़ा झटका लगा जब उसके तीन कद्दावर विधायक पाला बदलकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। इस राजनीतिक उठापटक के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का एक तीखा और शायराना अंदाज सामने आया, जिसे इस घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।
अखिलेश ने अप्रत्यक्ष रूप से तंज कसते हुए कहा कि अपनों के साथ गद्दारी करने वालों का हस्र बुरा होता है और उन्हें केवल झूठी वाहवाही या कतार में खड़े रहने के अलावा कुछ हाथ नहीं लगता। उन्होंने इशारों में कहा कि ऐसे लोगों की कमाई इज्जत मिट्टी में मिल जाती है और वे सिर्फ दूसरों के कंधों का इस्तेमाल होने का जरिया बनकर रह जाते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'बोलो, दिल्ली पुलिस तुम्हारे पापा...', NSUI प्रदर्शनकारियों का टॉर्चर का आरोप, राहुल गांधी बोले-शेरनी झुकेगी नहीं
शपथ लेने वाले विधायक किस विधानसभा से?
अमेठी में आयोजित एक भव्य सदस्यता ग्रहण समारोह में राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी में इन नेताओं ने भगवा पटका पहनकर बीजेपी की सदस्यता ली। बीजेपी में शामिल होने वाले इन तीनों नेताओं में गौरीगंज (अमेठी) से विधायक राकेश प्रताप सिंह, गोसाईगंज (अयोध्या) से विधायक अभय सिंह और कालपी (जालौन) से विधायक विनोद चतुर्वेदी शामिल हैं।
सपा के एक दर्जन से अधिक विधायक उनके संपर्क-राकेश प्रताप सिंह
पार्टी में शामिल होने के बाद राकेश प्रताप सिंह ने दावा किया कि सपा के एक दर्जन से अधिक विधायक उनके संपर्क में हैं और वे भी जल्द पाला बदल सकते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि किसे टिकट देना है, यह पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा। इस घटना ने यूपी की सियासत में हलचल बढ़ा दी है। चुनाव से ठीक पहले विपक्षी दल के विधायकों का इस तरह टूटना सपा के लिए चिंता का विषय बन गया है, वहीं बीजेपी इसे अपनी बढ़ती ताकत के रूप में देख रही है।
