कल का मौसम कैसा रहेगा : उत्तर में एक बार फिर से मौसम ने करवट ले ली है। बुधवार की सुबह से ही अधिकांश राज्यों में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाले वाले स्थानों पर तेज आंधी-तूफान के साथ मध्यम से भारी स्तर की बारिश दर्ज की जाएगी। कई स्थानों पर ओलावृष्टि के साथ आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है। इधर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं, मेघ गर्जन के साथ पानी बरसने और ओले गिरने का अलर्ट घोषित किया गया है। मौसमी गतिविधियां होने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के कारण तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की कमी आने का अनुमान है। हालांकि, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में मौसम साफ रह सकता है। उधर, बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने से पूर्वोत्तर भारत में मौसम खराब हो सकता है। जबकि दक्षिण भारतीय राज्यों के समुद्री हिस्सों पर वर्षा के संकेत हैं, ऊपरी भागों पर मौसम शुष्क रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश होगी क्या
दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। अगले 24 घंटे के दौरान बादलों की आवाजाही हो सकती है और हल्की हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली कड़कने का अनुमान है। खासकर, 15 और 16 अक्टूबर को मौसम विभाग ने आंधी-तूफान के साथ बारिश की भविष्यवाणी है। 15 अक्टूबर को तापमान 33 डिग्री और 16 अक्टूबर को 31 डिग्री तक गिर सकता है। हालांकि, पिछले दिनों हुई बारिश के कारण पॉल्यूशन के स्तर में गिरावट देखी गई थी, लेकिन अब इसके बढ़ने की संभावना है। माना जा रहा है कि दिवाली तक हवा में प्रदूषकों की मात्रा अधिक होने से सांस संबंधी दिक्कतें आ सकती हैं।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जगह तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कुछ भागों में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरु, नागौर, फलौदी व आसपास के जिलों में 14-15 अक्टूबर को 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग के अनुसार, साथ ही कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसके अनुसार, पूर्वी राजस्थान के जयपुर तथा भरतपुर संभाग के जिलों में 14 से 16 अक्टूबर के दौरान तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होगी। इस दौरान 15 अक्टूबर को जयपुर संभाग के ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में 16 अक्टूबर से तथा पूर्वी राजस्थान में 17 अक्टूबर से मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बुधवार सुबह तक बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदला हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, कई ऊंचे इलाकों में इस मौसम की पहली बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है । मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए भी खराब मौसम का पूर्वानुमान लगाया है। गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट में ताजा हिमपात हुआ, जबकि जोजिला दर्रा, राजदान दर्रा, सिंथन टॉप और कई अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम का पहला हिमपात दर्ज किया गया। 15 अक्टूबर की दोपहर से मौसम में सुधार होगा और अगले दस दिनों के दौरान केंद्र शासित प्रदेश में आमतौर पर शुष्क मौसम रहेगा। आसपास के पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के कारण, श्रीनगर में मंगलवार को अधिकतम तापमान गिरकर 20 डिग्री सेल्सियस हो गया, जबकि पहलगाम और गुलमर्ग में यह क्रमशः 14.2 डिग्री और 11.8 डिग्री रहा। 15 अक्टूबर तक ऊंचे इलाकों में आंधी, तेज हवाएं, बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
पूर्वोत्तर भारत में बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत में लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से कोस्टल एरिया में मौसम खराब रहने का अनुमान है। अगले 48 घंटे के दौरान ओडिशा, झारखंड, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ जिलों में मौसम बदला रहेगा और आंधी तूफान के साथ मध्यम से मूसलाधार बारिश रिकॉर्ड की जाएगी। स्थानीय मौसम विज्ञान की ओर से लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। 50 की स्पीड से चलने वाले हवाओं के झोंके से पेड़ों के उखड़ने की चेतावनी है। उधर, दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। केरल, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और लक्षद्वीप में कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
तमिलनाडु में कैसा रहेगा मौसम
तमिलनाडु के चार दक्षिणी जिलों में बुधवार को बारिश की संभावना है। चेन्नई मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव की प्रणाली बनी हुई है, जिसके कारण बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, रामनाथपुरम, थूथुकुडी, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी में आज दिन के दौरान भारी बारिश होने की उम्मीद है। कुछ हिस्सों में गरज और बिजली के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। चेन्नई में अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। मध्यम बारिश वाले अन्य जिलों में तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू, विल्लुपुरम, कुड्डालोर, तंजावुर, तिरुवरूर, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम और पुदुकोट्टई शामिल हैं। इसके अलावा नीलगिरी, कोयंबटूर, तिरुपुर, थेनी, डिंडीगुल, विरुधुनगर, तेनकासी, पेरम्बलूर और अरियालुर में भी बारिश की उम्मीद है। गुरुवार को दक्षिणी तमिलनाडु, पश्चिमी क्षेत्र और मध्य क्षेत्र के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। तेनकासी और तिरुनेलवेली के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। कन्याकुमारी, मदुरै, डिंडीगुल, तिरुपुर, कोयंबटूर और नीलगिरी भी गुरुवार की भारी बारिश के पूर्वानुमान में शामिल हैं।
