दुनिया

सऊदी अरब में भारत ने अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी, हवाई हमले के दौरान घर में रहने की सलाह

Riyadh Airport Attack: रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों से अपील की है और कहा है कि हवाई हमले की स्थिति में वे घरों के अंदर रहें और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें। इसके साथ ही निर्देश दिया है कि वह मौजूदा घटनाक्रम से संबंधित वीडियो या खबरें साझा करने से बचें।

Image

सऊदी अरब में भारतीय को जारी हुई एडवाइजरी (फोटो साभार- AP)

Riyadh Airport Attack: भारत ने सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों के लिए बुधवार को एडवाइजरी जारी की है। भारतीय दूतावास ने नागरिकों से कहा है कि हवाई हमले की स्थिति में वे घरों के अंदर रहें और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें। यह ताजा परामर्श ऐसे समय में जारी किया गया है जब खाड़ी देश में तनाव बढ़ गया है। दरअसल यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं। इसके बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है और इसी को देखते हुए भारतीय दूतावास ने यह सलाह जारी की है।

भारतीय दूतावास ने नागरिकों से की अपील

रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों से एक और अपील की है। दूतावास ने कहा है कि मौजूदा घटनाक्रम से संबंधित वीडियो या खबरें साझा करने से बचें। किसी भी तरह की अफवाह या असत्यापित जानकारी को आगे न बढ़ाएं। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर यह जानकारी दी। पोस्ट में दूतावास ने लिखा, "मौजूदा स्थिति को देखते हुए सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते रहें, हवाई हमले की स्थिति में घरों के अंदर रहें और मौजूदा घटनाक्रम से संबंधित वीडियो या खबरें प्रसारित करने से बचें।"

10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुआ था हमला

दूतावास ने 10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में घायल हुए भारतीय नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर भी अपडेट दिया। दूतावास के मुताबिक इस हमले में घायल हुए दो भारतीय नागरिक अब भी गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती हैं। जबकि एक व्यक्ति को आईसीयू से बाहर स्थानांतरित कर दिया गया है और उसकी स्थिति में सुधार हो रहा है।

हमले में घायल हुए थे कई भारतीय

इसके अलावा चार अन्य भारतीय नागरिक सामान्य वार्ड में उपचाराधीन हैं। उन्हें सामान्य वार्ड में रखा गया है और उनका इलाज चल रहा है। वहीं एक व्यक्ति को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वह अब पूरी तरह से सुरक्षित है।भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और नागरिकों की सुरक्षा के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। दूतावास ने सभी भारतीयों से सतर्क रहने और अधिकारियों के निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article