Kinetic Luna Soon To Make Comeback In Electric Avatar: काइनेटिक इंजीनियरिंग लिमिटेड ने ऐलान किया है कि कंपनी ने ई-लूना के चेसी और बाकी पुर्जों का उत्पादन शुरू कर दिया है। लूना मोपेड एक समय भारत के मिडिल क्लास तबके की शान हुआ करती थी और कंपनी अब इलेक्ट्रिक अवतार में जल्द इसकी वापसी करने वाली है। करीब एक साल पहले काइनेटिक ग्रुप ने नया प्रोजेक्ट शुरू करने की घोषणा की थी और अब ई-लूना की जानकारी देकर कंपनी ने साफ कर दिया है कि जल्द इसे भारतीय मार्केट में लॉन्च किया जाने वाला है।.
जल्द मार्केट में उतरेगी लूना इलेक्ट्रिक
काइनेटिक ग्रुप का कहना है कि इलेक्ट्रिक लूना के मुख्य चेसी से लेकर मेन स्टैंड, साइड स्टैंड और स्विंग आर्म्स को इनहाउस डेवेलप किया जाएगा। इन सबके उत्पादन के लिए व्यापक सबअसेंबली तैयार की जाएंगी। इसके अलावा कंपनी ने 5,000 यूनिट प्रति माह रोलआउट करने के हिसाब से एक प्रोडक्शन लाइन भी तैयार कर ली है। काइनेटिक की मानें तो प्लांट को अपग्रेड करने में 3 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किया गया है।ओइससे उत्पादन और मॉडल की असेंबली को सहायता मिलेगी।
मिलेगी पहले जैसी कामयाबी?
काइनेटिक इंजीनियरिंग लिमिटेड के एमडी अजिंक्य फिरोदिया ने कहा, “ये बेहतरीन खबर है कि लूना इलेक्ट्रिक अवतार में वापस आने वाली है। इसे तैयार करने वाली व्यापक सबअसेंबली को बनाते समय हम बहुत गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। अपनी बुलंदियों के समय रोजाना 2,000 लूना बिकती थी. मुझे विश्वास है कि नए अवतार में भी ये इतनी ही पसंद की जाएगी। हमारा अनुमान है कि अगले 2-3 साल में ई-लूना का सालाना व्यापार करीब 30 करोड़ रुपये होगा।”
