ऑटो न्यूज़

भारत की पहली देसी मोपेड Luna की हुई वापसी, 70,000 रुपये से भी कम कीमत पर लॉन्च

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Feb 7, 2024, 10:16 PM IST

Kinetic Energy ने भारतीय मार्केट में पहली देसी मोपेड Luna की वापसी कर दी है। कंपनी ने इस बार लूना को Electric अवतार में लॉन्च किया है और इसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 70,000 रुपये से भी कम रखी गई है।

Image

Kinetic Luna Electric का महंगा वेरिएंट 74,990 रुपये कीमत पर लॉन्च हुआ है।

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • काइनेटिक लूना की भारत में वापसी
  • इलेक्ट्रिक अवतार में लॉन्च हुई मोपेड
  • 70,000 रुपये से भी कम रखी कीमत

Kinetic Luna Comeback In India: भारतीय मार्केट में लॉन्च हुई पहली देसी मोपेड काइनेटिक लूना की वापसी हो चुकी है। कंपनी ने इस बार मोपेड को इलेक्ट्रिक अवतार में पेश किया है और इसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 70,000 रुपये से भी कम रखी गई है। नई काइनेटिक लूना इलेक्ट्रिक को दो वेरिएंट्स एक्स1 और एक्स2 में पेश किया गया है जिसका महंगा वेरिएंट 74,990 रुपये कीमत पर लॉन्च हुआ है। बता दें कि ये कीमत फेम-2 सब्सिडी को जोड़कर बताई गई है। इस ईवी को 5 रंगों में उपलब्ध कराया गया है और दिखने में ये पुराने अंदाज वाली ही नजर आ रही है।

बेसिक फीचर्स मिले

काइनेटिक एनर्जी ने लूना इलेक्ट्रिक को कई सारे बेसिक फीचर्स दिए हैं और दिखने में भी ये ई-लूना साधारण लेकिन प्रभावशाली है। इसके साथ गोल हेडलैंप, सामान्य डिजिटल इंस्ट्रूमेंटेशन, साइड स्टैंड इंडिकेटर, सामान रखने के लिए अलग होने वाली पिछली सीट और मोबाइल चार्ज करने के लिए यूएसबी चार्जिंग पोर्ट दी गई है। कुल मिलाकर फीचर्स कम हैं, लेकिन ये पूरी तरह पैसा वसूल मोपेड लग रही है, खासतौर पर सामान पहुंचाने वाले छोटे-बड़े व्यापारों के लिए।

सिंगल चार्ज में कितना चलेगी

ई-लूना के साथ 1.2 किलोवाट हब माउंटेड मोटर दी गई है जो 2 किलोवाट बैटरी पैक से लैस है। ये दोनों मिलकर 22 एनएम पीक टॉर्क बनाते हैं। इसके साथ पोर्टेबल चार्जर मिलता है और चार घंटे में ये पूरी तरह चार्ज हो जाती है। एक बार फुल चार्ज होने पर ये 110 किमी तक चलाई जा सकती है और इसकी टॉप स्पीड 50 किमी/घंटा होने का दावा किया गया है। बता दें कि लूना इलेक्ट्रिक का कुल भार 96 किग्रा है और ये 150 किमी तक भार उठा सकती है। ये भी बता दें कि 500 रुपये टोकन देकर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से इसे बुक किया जा सकता है।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article