ऑटो न्यूज़

Hyundai का बड़ा दांव! Creta EV खरीदने पर मिलेगा शानदार Buyback Offer, गाड़ी बेचने की टेंशन खत्म

Hyundai ने अपने ग्राहकों के लिए एक खास सुविधा पेश की है। कंपनी ने ईवी ग्राहकों की एक बड़ी चिंता को दूर करते हुए Hyundai Creta Electric के लिए एक नया Assured Buyback Program लॉन्च किया है।

Image

क्रेटा इलेक्ट्रिक खरीदने पर मिलेगा शानदार Buyback Offer

इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) को लेकर ग्राहकों की सबसे बड़ी चिंताओं में से एक उनकी रीसेल वैल्यू होती है। कई लोग इस वजह से इलेक्ट्रिक कार खरीदने से हिचकिचाते हैं कि भविष्य में गाड़ी बेचने पर उन्हें बहुत कम पैसा मिलेगा। इसी चिंता को दूर करने के लिए हुंडई मोटर इंडिया ने अपनी लोकप्रिय Hyundai Creta Electric के लिए नया Assured Buyback Program लॉन्च किया है। इस योजना के तहत ग्राहकों को 3 साल या 45,000 किलोमीटर तक इस्तेमाल के बाद कार की 60 प्रतिशत तक की सुनिश्चित बायबैक वैल्यू मिलेगी। हालांकि, यह सुविधा कंपनी के नियम एवं शर्तों के अधीन होगी।

ग्राहकों का भरोसा बढ़ाने की कोशिश

हुंडई का कहना है कि भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन ग्राहक अब सिर्फ लंबी ड्राइविंग रेंज या आधुनिक तकनीक ही नहीं, बल्कि वाहन की भविष्य की वैल्यू को भी महत्व दे रहे हैं। ऐसे में Assured Buyback Program ग्राहकों को वित्तीय सुरक्षा और मानसिक संतोष देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। कंपनी का मानना है कि इससे EV खरीदने का फैसला लेना पहले से आसान होगा।

क्यों पसंद की जाती है क्रेटा इलेक्ट्रिक

हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक भारतीय ग्राहकों के लिए एक आकर्षक इलेक्ट्रिक एसयूवी है। यह भारत की लोकप्रिय CRETA ब्रांड की मजबूत विरासत के साथ आधुनिक इलेक्ट्रिक तकनीक का बेहतरीन मेल है। इसमें 51.4 kWh बैटरी पैक के साथ ARAI-प्रमाणित 510 किलोमीटर और 42 kWh बैटरी पैक के साथ 420 किलोमीटर तक की ड्राइविंग रेंज मिलती है। DC फास्ट चार्जिंग की मदद से बैटरी को 10% से 80% तक केवल 39 मिनट में चार्ज किया जा सकता है। इसके अलावा, इसमें Vehicle-to-Load (V2L) फीचर, Digital Key, Hyundai SmartSense Level-2 ADAS, साइड फुट स्टेप और लॉन्ग रेंज वेरिएंट में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार सिर्फ 7.9 सेकंड में पकड़ने की क्षमता जैसी खूबियां मिलती हैं।

क्रेटा इलेक्ट्रिक का BaaS मॉडल भी हुआ था पेश

इससे पहले कंपनी ने Hyundai Creta Electric के साथ Battery-as-a-Service (BaaS) मॉडल पेश किया था। इस मॉडल के तहत ग्राहक 10.99 लाख रुपये (शुरुआती कीमत) से इलेक्ट्रिक एसयूवी खरीद सकते हैं, जबकि बैटरी के लिए EMI मात्र 3.9 रुपये प्रति किलोमीटर से शुरू होती है। कंपनी ने ग्राहकों की सुविधा के लिए myHyundai ऐप भी लॉन्च किया है, जिसकी मदद से देशभर में मौजूद 30,000 से अधिक EV चार्जिंग पॉइंट्स को आसानी से खोजा, नेविगेट किया और इस्तेमाल किया जा सकता है। चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने के लिए हुंडई ने 105 शहरों में 183 DC फास्ट चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए हैं और वर्ष 2030 तक इस नेटवर्क को बढ़ाकर 600 DC फास्ट चार्जिंग स्टेशनों तक पहुंचाने की योजना बनाई है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article