ऑटो न्यूज़

Kia Sorento Hybrid SUV भारत में जल्द होगी लॉन्च, पहली झलक आई सामने

किआ ने अपने भारतीय ग्राहकों के लिए Kia Sorento का टीजर जारी कर दिया है। इस टीजर को कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट पर देखा जा सकता है।

Image

भारत में जल्द आ रही है किआ पहली हाइब्रिड एसयूवी

किआ इंडिया ने भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी प्रीमियम एसयूवी रेंज को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। कंपनी ने अपनी पहली हाइब्रिड एसयूवी Kia Sorento का टीजर जारी किया है, जिसे कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट पर देखा जा रहा है। यह किआ की ग्लोबल लाइनअप में शामिल एक बेहद लोकप्रिय प्रीमियम फ्लैगशिप एसयूवी है, जिसे अब भारतीय ग्राहकों के लिए पेश किया जाएगा। कंपनी का कहना है कि नई सोरेंटो भारत में प्रीमियम एसयूवी सेगमेंट में एक नया बेंचमार्क स्थापित करने का लक्ष्य रखती है।

किआ की प्रीमियम एसयूवी रणनीति होगी मजबूत

किआ इंडिया लगातार भारतीय बाजार में अपनी प्रीमियम एसयूवी पोर्टफोलियो को मजबूत कर रही है। सेल्टोस और कार्निवल जैसे मॉडलों के बाद अब सोरेंटो कंपनी की अगली बड़ी पेशकश होगी। यह एसयूवी आकर्षक डिजाइन, आधुनिक तकनीक और बेहतर उपयोगिता के साथ ग्राहकों को एक प्रीमियम ड्राइविंग एक्सपीरियंस देने की कोशिश करेगी।

2002 में आई थी किआ सोरेंटो

किआ सोरेंटो ने साल 2002 में ग्लोबल मार्केट में एंट्री की थी। इसके बाद यह मॉडल दुनियाभर में कंपनी की सबसे सफल एसयूवी में शामिल हो गया। अब तक इसकी चार जनरेशन लॉन्च हो चुकी हैं और दुनियाभर के 132 देशों में इसकी 48 लाख से ज्यादा यूनिट बिक चुकी हैं।

ग्लोबल स्तर पर मिल चुकी है पहचान

किआ सोरेंटो को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सुरक्षा, क्वालिटी और टेक्नोलॉजी के लिए काफी सराहना मिली है। साल 2024 और 2025 में यह किआ के ग्लोबल स्तर पर सबसे ज्यादा बिकने वाले टॉप-3 मॉडलों में शामिल रही।

इस एसयूवी को कई प्रतिष्ठित अवॉर्ड भी मिल चुके हैं। इसमें IIHS Top Safety Pick+, 5-स्टार NHTSA सेफ्टी रेटिंग और Car and Driver Editors' Choice अवॉर्ड जैसे सम्मान शामिल हैं। यानी सोरेंटो केवल डिजाइन ही नहीं, बल्कि सुरक्षा और परफॉर्मेंस के मामले में भी मजबूत पहचान रखती है।

टीजर में दिखा दमदार डिजाइन

किआ द्वारा जारी किए गए टीजर में एसयूवी की पूरी झलक तो नहीं दिखाई गई है लेकिन इसके डिजाइन से जुड़े कई संकेत मिलते हैं। टीजर में कार का लंबा और मजबूत सिल्हूट नजर आता है, जिसमें ऊंचा स्टांस, चौड़ी बॉडी और बोल्ड शोल्डर लाइन देखने को मिलती है। इसके फ्रंट डिजाइन में खासतौर पर आकर्षक लाइटिंग सेटअप दिखाई देता है। इसमें हुड के पास एक एंगुलर इल्यूमिनेटेड लाइटिंग ग्राफिक और बंपर के नीचे अलग लाइटिंग क्लस्टर दिया गया है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारत आने वाले मॉडल में एक खास टू-टियर लाइटिंग डिजाइन देखने को मिल सकता है।

पहली हाइब्रिड एसयूवी होगी Kia Sorento

किआ सोरेंटो भारत में कंपनी की पहली हाइब्रिड एसयूवी होगी। हाइब्रिड टेक्नोलॉजी के जरिए ग्राहकों को बेहतर माइलेज, कम उत्सर्जन और बेहतर ड्राइविंग अनुभव मिलने की उम्मीद है। हालांकि कंपनी ने अभी तक इसके इंजन स्पेसिफिकेशन और फीचर्स की पूरी जानकारी साझा नहीं की है।

सोरेंटो के लिए प्री-बुकिंग हुई शुरू

किआ इंडिया ने नई सोरेंटो के लिए प्री-बुकिंग शुरू कर दी है। इच्छुक ग्राहक इसे अपने नजदीकी किआ डीलरशिप या कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से बुक कर सकते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article