ऑटो न्यूज़

2027 Kawasaki KLX230 भारत में लॉन्च! नई वैरायटी के साथ बढ़ी रेंज, चेक करें कीमत

शहर में रोजाना इस्तेमाल के साथ वीकेंड एडवेंचर और ऑफ-रोडिंग की जरूरत भी एक ही बाइक से पूरा करना चाहते हैं तो ये जानकारी आपके काम की हो सकती है।

Image

)2027 Kawasaki KLX230 रेंज (Photo: Kawasaki)

कावासाकी इंडिया ने भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय डुअल-स्पोर्ट मोटरसाइकिल KLX230 के 2027 मॉडल रेंज को लॉन्च कर दिया है। इस अपडेट के साथ कंपनी ने लाइनअप में एक नया KLX230 S वेरिएंट भी शामिल किया है। अब KLX230 रेंज में कुल तीन मॉडल उपलब्ध हैं – स्टैंडर्ड KLX230, नया KLX230 S और ऑफ-रोड इस्तेमाल के लिए तैयार KLX230R S।

1.89 लाख रुपये से शुरू होती है कीमत

नई 2027 Kawasaki KLX230 रेंज की शुरुआती कीमत 1.89 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। यह कीमत KLX230R S मॉडल की है, जबकि स्टैंडर्ड KLX230 और नए KLX230 S की कीमत 2.19 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। इन बाइक्स की बुकिंग ऑनलाइन या अधिकृत डीलरशिप के माध्यम से की जा सकती है।

नया KLX230 S किसके लिए है?

कंपनी ने नया KLX230 S उन राइडर्स को ध्यान में रखकर पेश किया है, जिन्हें स्टैंडर्ड मॉडल की ऊंची सीट हाइट चुनौतीपूर्ण लगती है। KLX230 S में सीट हाइट 830 मिमी रखी गई है, जो स्टैंडर्ड KLX230 की 880 मिमी सीट हाइट से 50 मिमी कम है। इससे कम कद वाले राइडर्स के लिए बाइक को संभालना आसान हो जाएगा। हालांकि सीट हाइट कम करने के लिए सस्पेंशन ट्रैवल और ग्राउंड क्लीयरेंस में कुछ बदलाव किए गए हैं। KLX230 S में फ्रंट सस्पेंशन ट्रैवल 160 मिमी और रियर सस्पेंशन ट्रैवल 163 मिमी है, जबकि स्टैंडर्ड मॉडल में यह क्रमशः 220 मिमी और 223 मिमी है। ग्राउंड क्लीयरेंस भी घटकर 220 मिमी रह गया है।

इंजन में नहीं हुआ कोई बदलाव

2027 KLX230 रेंज में कंपनी ने मैकेनिकल स्तर पर कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है। सभी मॉडल्स में वही 233cc, एयर-कूल्ड, फ्यूल-इंजेक्टेड, सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है। यह इंजन लगभग 19hp की पावर और 19Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है, जो सड़क और ऑफ-रोड दोनों परिस्थितियों में संतुलित प्रदर्शन देने के लिए जाना जाता है।

ऑफ-रोड प्रेमियों के लिए KLX230R S

लाइनअप में मौजूद KLX230R S पूरी तरह ऑफ-रोड राइडिंग के लिए तैयार किया गया मॉडल है। इस मॉडल में 900 मिमी की सीट हाइट और 270 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस मिलता है, जो इसे कठिन ऑफ-रोड रास्तों के लिए अधिक सक्षम बनाता है।

कलर ऑप्शन और उपलब्धता

2027 Kawasaki KLX230 रेंज को कंपनी ने Lime Green और Battle Grey जैसे दो रंगों में उपलब्ध करवाया है। डिजाइन और स्टाइलिंग में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन इसकी एडवेंचर-फ्रेंडली और रग्ड पहचान बरकरार रखी गई है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article