MG Windsor EV For Every Olympic Medal Winner: एमजी मोटर ने कुछ समय पहले ही जेएसडब्ल्यू के साथ जॉइंट वेंचर साइन किया है। अब जेएसडब्ल्यू ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर और चेयरमैन सज्जन जिंदल ने दिल खुश करने वाली घोषणा की है। जिंदल ने कहा है कि वो पेरिस ओलंपिक में पदक लाने वाले हर खिलाड़ी को जल्द लॉन्च होने वाली नई एमजी विंडसर इलेक्ट्रिक कार तोहफे में देंगे। सज्जन जिंदल ने अपने ट्विटर हैंडल के जरिए ये खबर देशवासियों को दी है। ये एक इलेक्ट्रिक क्रॉसओवर है जो पहले से विदेशी बाजार में बिक रही है और माना जा रहा है कि भारतीय मॉडल भी समान ही होगा। हमारे देश में इस ईवी को 20 लाख रुपये बजट में लॉन्च किया जा सकता है।
लुक और फीचर्स में जोरदार
विदेशी मार्केट में उपलब्ध ये इलेक्ट्रिक कार लुक और स्टाइल में बहुत जोरदार है। इसके साथ एलईडी डीआरएल, निचले हिस्से में लगे हेडलैंप्स, 18-इंच अलॉय व्हील्स, फ्लश डोर हैंडल्स और कनेक्टेड एलईडी टेललाइट मिले हैं। केबिन की बात करें तो यहां 15.6-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट, 8.8-इंच डिजिटल ड्राइवर्स डिस्प्ले, 6-वे पावर्ड ड्राइवर सीट, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, रियर एसी वेंट्स और वायरलेस फोन चार्जर जैसे फीचर्स मिलते हैं। डैशबोर्ड पर वुडन और ब्रोन्ज फिनिश दिए गए हैं। इसके अलावा केबिन को डार्क थीम पर तैयार किया गया है जो ब्लैक लेदरेट अपहोल्स्ट्री के साथ आता है।
सिंगल चार्ज में कितना चलेगी
इंडोनेशिया के मार्केट में विंडसर ईवी के साथ 50.6 किलोवाट-आर बैटरी पैक मिलता है जो सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर से लैस है। ये बैटरी पैक 136 पीएस ताकत और 200 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। दावा है कि सिंगल चार्ज में ये ईवी 460 किमी तक चलाई जा सकती है। हालांकि भारत आने वाली ईवी की रेंज एआरएआई के हिसाब से अलग होने वाली है। डीसी फास्ट चार्जर से इस बैटरी को 30 मिनट में 30-100 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है, वहीं घरेलू एसी चार्जर से 7 घंटे में ये 20-100 प्रतिशत चार्ज होती है।
सेफ्टी में लाजवाब है ये ईवी
एमजी विंडसर ईवी के साथ 4 एयरबैग्स, एबीएस के साथ ईबीडी, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, हिल होल्ड असिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, 360 डिग्री कैमरा और एडीएएस जैस हाइटेक फीचर्स दिए गए हैं। अडवांस्ट ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम के अंतर्गत अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल, लेन डिपार्चर वार्निंग और ऑटोनोमस इमरजेंसी ब्रेकिंग जैसे फीचर्स कार से जुड़ जाते हैं। आगामी सुरक्षा नियमों के हिसाब से भारतीय मॉडल को 4 की जगह 6 एयरबैग्स मिलने वाले हैं।
