New Honda SP160 Launch: होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने नई एसपी160 लॉन्च कर दी है जिसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 1,17,500 रुपये रखी गई है। नई बाइक को दो वेरिएंट - सिंगल डिस्क और ट्विन डिस्क में पेश किया गया है, ट्विन डिस्क की एक्सशोरूम कीमत 1,21,900 रुपये है। 150-160 सीसी सेगमेंट में ये कंपनी की तीसरी मोटरसाइकिल है, इससे पहले होंडा यूनिकॉर्न और एक्स-ब्लेड बिक रही हैं। हालांकि कंपनी ने एक्स-ब्लेड को नए बीएस6 स्टेज 2 मानकों के अनुकूल नहीं बनाया है। दिखने में नई बाइक काफी आकर्षक है।
कितना दमदार है नया इंजन
नई होंडा एसपी160 के साथ एक्स-ब्लेड वाला इंजन दिया गया है, लेकिन ये अब तक बीएस6 फेज 2 ईंधन मानकों के उपयुक्त नहीं है। यहां 162.71 सीसी का सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है जो फ्यूल इंजेक्शन तकनीक के साथ आया है। ये इंजन 13.27 बीएचपी ताकत और 14.58 एनएम पीक टॉर्क बनाता है, कंपनी ने इसके साथ 5-स्पीड गियरबॉक्स दिया है। अगला और पिछला हिस्सा टेलिस्कोपिक फोर्क और मोनोशॉक सस्पेंशन से लैस है, वहीं सामान्य रूप से अगले हिस्से में डिस्क ब्रेक मिला है। यहां सिंगल-चैनल एबीएस भी मिलेगा।
कौन से नए फीचर्स मिले
होंडा की नई एसपी160 को एलईडी हेडलैंप, अलॉय व्हील्स, हेजार्ड लाइट्स और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है। इस डिस्प्ले पर बहुत सी जानकारी मिलने वाली है जिनमें एवरेज फ्यूल एफिशिएंसी, इस्तेमाल हो चुका ईंधन, साइड स्टैंड इंडिकेटर, टेकोमीटर, फ्यूल गेज और ट्रिपमीटर शामिल हैं। होंडा एसपी125 की तुलना में नई एसपी160 की डिजाइन काफी अलग है। एलईडी हेडलैंप के इर्द-गिर्द काउल काफी आकर्षक लग रहा है। दमदार फ्यूल टैंक के अलावा लंबी सिंगल पीस सीट भी बाइक को मिली है।
