ऑटो न्यूज़

दिल्ली-UP में 'हीटवेव' का टॉर्चर! बाइक सवारों पर मंडराया हीटस्ट्रोक का खतरा; तुरंत करें ये काम

Heatwave safety tips for bikers: अप्रैल की तपती दोपहरी में घर से बाइक लेकर निकल रहे हैं तो हीटस्ट्रोक का खतरा हो सकता है। इससे बचने के लिए कुछ जरूरी बातों का ख्याल रख सकते हैं।

Image

Heatwave safety tips for bikers (Photo: AI Generated Image)

Heatwave safety tips for bikers: अप्रैल का महीना खत्म होने जा रहा है और इसी के साथ मई की शुरुआत होगी। दिल्ली में इस बार रिकॉर्ड तोड़ गर्मी देखने को मिल रही है। बीते शनिवार ही अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ और यह अप्रैल का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। दिन में लू के थपेड़े और सूरज की तेज किरणें लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर रही है। हालांकि, फिर भी आप अपने जरूरी कामों के लिए घर से बाइक लेकर निकल रहे हैं तो अपने आपको हीटस्ट्रोक से बचाने की जरूरत है। इस आर्टिकल में आपको हीटस्ट्रोक से बचने के लिए कुछ जरूरी टिप्स दे रहे हैं-

शरीर को हाइड्रेट रखें

सबसे पहले बाइक से सफर करने जा रहे हैं तो शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं और कोशिश करें कि साथ में पानी की बोतल जरूर रखें। नींबू पानी, नारियल पानी या ORS जैसे पेय भी शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स बनाए रखने में मदद करते हैं।

सही कपड़ों को चुनें

बाइक लेकर घर से निकल रहे हैं तो कपड़ों का चुनाव भी बेहद मायने रखता है। गर्मियों में हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनना बेहतर होता है। ये शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं। साथ ही, फुल स्लीव्स कपड़े पहनने से त्वचा को सीधी धूप से बचाया जा सकता है। हेलमेट पहनना जरूरी है, लेकिन ऐसा हेलमेट चुनें जिसमें वेंटिलेशन अच्छा हो, ताकि हवा का प्रवाह बना रहे।

समय का ध्यान रखें

इसके अलावा, बाइक से सफर करना है तो सफर का समय सोच समझ कर चुनें। दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप सबसे तेज होती है, इसलिए इस समय बाइक चलाने से बचना चाहिए। अगर जरूरी हो, तो बीच-बीच में ब्रेक लेकर छांव में आराम करें, जिससे शरीर को ठंडा होने का मौका मिल सके।

सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें

घर से बाइक लेकर निकल रहे हैं तो सनस्क्रीन का इस्तेमाल कर सकते हैं। गर्मियों में सूरज की तेज और हानिकारक यूवी किरणें त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती हैं, जिससे सनबर्न, टैनिंग और लंबे समय में स्किन से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए कम से कम SPF 30 या उससे अधिक वाला सनस्क्रीन लगाना बेहतर होता है।

बीच-बीच में ब्रेक लें

अगर बाइक चलाते समय आपको चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, अत्यधिक पसीना आना या कमजोरी महसूस हो, तो यह हीटस्ट्रोक या डिहाइड्रेशन के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में लापरवाही करना खतरनाक साबित हो सकता है। तुरंत बाइक रोककर किसी ठंडी और छायादार जगह पर जाएं, हेलमेट और भारी कपड़े उतारकर शरीर को ठंडा होने दें।

बाइक का भी ख्याल रखें

सिर्फ अपनी सेहत ही नहीं बल्कि बाइक की स्थिति का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। भीषण गर्मी में बाइक के इंजन पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे ओवरहीटिंग की समस्या हो सकती है। इसलिए सफर से पहले टायर प्रेशर, इंजन ऑयल और कूलिंग सिस्टम की जांच कर लें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article