Harley-Davidson की भारत में सबसे किफायती मोटरसाइकिल X440 खरीदने की योजना बना रहे हैं तो ये जानकारी आपको कुछ निराश कर सकती है। कंपनी ने इस पॉपुलर रोडस्टर बाइक की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं, जिसके बाद अब ग्राहकों को X440 खरीदने के लिए पहले की तुलना में अधिक रकम खर्च करनी होगी।
क्यों पसंद की जाती है ये बाइक
Harley-Davidson X440 को Hero MotoCorp और Harley-Davidson की साझेदारी के तहत भारतीय बाजार में पेश किया गया था। लॉन्च के बाद से यह बाइक अपने दमदार लुक, प्रीमियम ब्रांड वैल्यू और मजबूत परफॉर्मेंस की वजह से काफी लोकप्रिय रही है। अब कंपनी ने इसके अलग-अलग वेरिएंट की कीमतों में अलग-अलग बढ़ोतरी की है।
कितनी बढ़ी कीमत?
Harley-Davidson X440 के सभी वेरिएंट्स की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। कीमत बढ़ने के बाद अब इस बाइक की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 2.36 लाख रुपये हो गई है। वहीं इसके टॉप वेरिएंट की कीमत 2.84 लाख रुपये तक पहुंच गई है। कंपनी ने कीमतों में वृद्धि का कोई विशेष कारण नहीं बताया है, लेकिन ऑटो उद्योग में बढ़ती लागत और बाजार परिस्थितियों को इसके पीछे की वजह माना जा रहा है।
किस वेरिएंट का कितना बढ़ा दाम
Harley-Davidson X440 कुल तीन वेरिएंट्स Vivid, S और T में आती है। जहां कंपनी ने Vivid की कीमत में 1000 रुपये का इजाफा किया है, वहीं, S की कीमत 4000 रुपये बढ़ गई है। इसी तरह, इस बाइक के टॉप स्पेक की कीमत में 5000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
इंजन और परफॉर्मेंस
कीमतों में बदलाव के बावजूद बाइक के मैकेनिकल स्पेसिफिकेशन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। Harley-Davidson X440 में 440cc का सिंगल-सिलेंडर, एयर-ऑयल कूल्ड इंजन मिलता है। यह इंजन 27 bhp की पावर और 38 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। यह मोटरसाइकिल शहर और हाईवे दोनों तरह की राइडिंग के लिए उपयुक्त मानी जाती है। मजबूत लो-एंड टॉर्क और आरामदायक राइडिंग पोजिशन इसकी प्रमुख खूबियों में शामिल हैं।
फीचर्स भी हैं खास
Harley-Davidson X440 में आधुनिक फीचर्स की लंबी लिस्ट मिलती है। बाइक में फुल-एलईडी लाइटिंग, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, कॉल और मैसेज अलर्ट, USB चार्जिंग और डुअल-चैनल ABS जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
