ऑटो न्यूज़

CNG भरवाते वक्त हुआ जोरदार विस्फोट! सीएनजी कार मालिक ध्यान दें, आप न दोहराएं ये 3 जानलेवा गलतियां

हाल ही में गुजरात के वडोदरा में नेशनल हाईवे-48 पर फ्यूल स्टेशन पर एक सीएनजी कार में धमाका हो गया। इस धमाके में आसपास की दो गाड़ियों को नुकसान पहुंचा और स्टेशन का इंफ्रास्ट्रक्चर भी डैमेज हो गया।

Image

सीएनजी कार को लेकर भूलकर भी न करें ये 3 काम (AI Generated Image)

Gujarat CNG Station Blast: गुजरात के वडोदरा में नेशनल हाईवे-48 पर फ्यूल स्टेशन में एक सीएनजी कार फ्यूल भरवा ही रही थी कि एक जोरदार धमाका हो गया। देखते ही देखते गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। गनीमत यह रही कि हादसे (CNG Car Explosion) के वक्त ड्राइवर कार से दूर था और स्टेशन के कर्मचारी भी सुरक्षित दूरी पर खड़े थे, जिससे किसी की जान पर बात नहीं आई। यह पूरा मामला गाड़ी के सीएनजी टैंक के फटने का था। इस विस्फोट में कार के पिछले हिस्से के कुछ टुकड़े और टूटे हुए शीशे कई मीटर दूर जा गिरे। पास खड़ी दो गाड़ियां भी डैमेज हो गईं और स्टेशन के इंस्ट्रास्ट्रक्चर को भी नुकसान पहुंचा।

शुरुआती जानकारी में गाड़ी के सीएनजी किट में लीकेज या सिलेंडर के वॉल्व में खराबी जैसी संभावनाएं सामने आई हैं। ऐसे में सीएनजी वाहन मालिकों के लिए यह घटना एक जरूरी चेतावनी के रूप में समझी जा सकती है। आपको भी सीएनजी कार को लेकर कुछ जरूरी बातों का ध्यान जरूर रखना चाहिए-

CNG कार को लेकर इन बातों का रखें ख्याल

CNG भरवाते समय कार से बाहर निकलें

सीएनजी रिफिलिंग के दौरान ड्राइवर के साथ-साथ सभी यात्रियों को भी कार से बाहर निकल जाना चाहिए। गाड़ी से थोड़ा दूर सुरक्षित स्थान पर खड़ा होना बेहतर है। इस हादसे में भी ड्राइवर और पंप कर्मचारी गाड़ी से दूर थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सीएनजी भरवाने को सामान्य पेट्रोल-डीजल रिफिलिंग की तरह न लें और प्रक्रिया पूरी होने तक गाड़ी के पास खड़े न रहें।

CNG सिलेंडर और किट की जांच करवाएं

कार के सीएनजी सिलेंडर, वॉल्व, पाइपिंग और दूसरे जरूरी हिस्सों की नियमित जांच बेहद जरूरी है। किसी सर्टिफाइड सीएनजी वर्कशॉप से गाड़ी की जांच करवाएं। सिलेंडर या किट में जंग, टूट-फूट, घिसाव या गैस लीकेज का कोई संकेत दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज न करें। समय पर जांच कराने से खराबी का पता पहले ही लगाया जा सकता है।

लोकल पार्ट्स या अनऑथराइज्ड फिटिंग से बचें

सीएनजी सिस्टम में किसी भी तरह की छेड़छाड़ या सस्ते और अनऑथराइज्ड पार्ट्स का इस्तेमाल जोखिम बढ़ा सकता है। सीएनजी किट की मरम्मत, फिटिंग या किसी पार्ट को बदलने का काम केवल ट्रेन्ड तकनीशियन और सर्टिफाइड वर्कशॉप से ही करवाना चाहिए। खुद से गैस पाइप, वॉल्व या किट में बदलाव करने से बचें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article