ऑटो न्यूज़

Summer Car Care: गर्मियों में कार की मेंटेनेंस के लिए बेस्ट टिप्स, AC की कूलिंग और इंजन की लाइफ बढ़ाने में आएंगी काम

Summer Car Care: गर्मियों में कार की सही देखभाल करने से न केवल उसकी परफॉर्मेंस बेहतर रहती है, बल्कि कई बड़ी समस्याओं से भी बचा जा सकता है। अगर आप नियमित रूप से कूलेंट, टायर, बैटरी और एसी सिस्टम की जांच करते हैं और कार को धूप से बचाते हैं, तो आपकी कार गर्मियों में भी सुरक्षित और आरामदायक तरीके से चलती रहेगी।

Image

गर्मियों में कार की सही देखभाल कैसे करें (Photo: AI Generated)

Summer Car Care: गर्मी का मौसम तेज धूप और बढ़ते तापमान के साथ न केवल आपकी मुश्किल बढ़ाता है बल्कि आपकी कार के लिए भी परेशानी बढ़ा देता है। गर्मियों में कार की सही केयर न की जाए तो इंजन ओवरहीटिंग, बैटरी खराब होने या टायर फटने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। आपकी कार के साथ ऐसा न हो, इसके लिए कार की सही केयर को लेकर कुछ जरूरी बातों का ध्यान रख सकते हैं-

इंजन कूलेंट करें चेक

गर्मियों में कार के इंजन के ज्यादा गर्म होने का खतरा रहता है। इसलिए समय-समय पर इंजन कूलेंट (Coolant) का लेवल जांचते रहें। कूलेंट इंजन के तापमान को कंट्रोल में रखने में मदद करता है। अगर कूलेंट कम है तो उसे तुरंत भरवा लेना चाहिए।

टायर प्रेशर पर दें ध्यान

तेज गर्मी में सड़क का तापमान काफी बढ़ जाता है, जिससे टायर का प्रेशर भी प्रभावित होता है। ज्यादा प्रेशर होने पर टायर फटने का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए कार के टायरों का सही प्रेशर बनाए रखना बहुत जरूरी है। साथ ही टायर की स्थिति और ट्रेड भी समय-समय पर जांचते रहें।

कार की बैटरी करें चेक

गर्मी का असर कार की बैटरी पर भी पड़ता है। ज्यादा तापमान बैटरी की लाइफ कम कर सकता है। इसलिए बैटरी के टर्मिनल साफ रखें और यह सुनिश्चित करें कि बैटरी ठीक से काम कर रही है। अगर बैटरी पुरानी हो गई है तो समय रहते उसे बदलवा लेना बेहतर होता है।

एसी सिस्टम की सर्विस करवाएं

गर्मियों में कार का एसी सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है। इसलिए गर्मी शुरू होने से पहले AC की सर्विस करवाना बेहद जरूरी है। इससे कूलिंग बेहतर रहती है और कार के अंदर आरामदायक माहौल बना रहता है।

कार को छांव में करें पार्क

जहां तक संभव हो कार को हमेशा छांव वाली जगह पर पार्क करें। सीधे धूप में खड़ी कार का तापमान बहुत ज्यादा बढ़ जाता है, जिससे डैशबोर्ड, सीट और इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स को नुकसान हो सकता है। अगर छांव उपलब्ध नहीं है तो कार कवर का इस्तेमाल किया जा सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article