Bharat Taxi: केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह आज 'भारत टैक्सी' का शुभारंभ करेंगे। देश के पहले सहकारी राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म ’भारत टैक्सी’ को आधिकारिक रूप से लॉन्च किया जा रहा है। सरकार के इस कदम के साथ देश के टैक्सी बाजार में Uber और Ola जैसी प्राइवेट प्लेटफॉर्म को कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद की जा रही है। भारत टैक्सी क्या है और कैसे काम करती है, इस आर्टिकल में बताने जा रहे हैं।
क्या है भारत टैक्सी प्लेटफॉर्म
पारंपरिक राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म से अलग भारत टैक्सी एक कोऑपरेटिव मोबिलिटी मॉडल पर काम करती है, जहां ड्राइवर केवल कॉन्ट्रैक्टर नहीं बल्कि इस प्लेटफॉर्म के पार्टनर होते हैं। इस मॉडल के तहत ड्राइवरों को अधिक अधिकार, सम्मानजनक कमाई और निर्णय-प्रक्रिया में भागीदारी मिलती है, जिससे यात्रियों को बेहतर सेवा और नैतिक व पारदर्शी किराया सुनिश्चित होता है। साथ ही, यह व्यवस्था भारत के लिए एक स्थायी, न्यायसंगत और भरोसेमंद परिवहन इकोसिस्टम के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं
- भारत टैक्सी प्लेटफॉर्म के साथ यात्रियों को वन-टैप SOS बटन की सुविधा मिलती है। किसी परेशानी की स्थिति में केवल एक टैप पर SOS बटन दबाकर सीधे स्थानीय पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क किया जा सकता है।
- यात्रियो को भारत टैक्सी प्लेटफॉर्म के साथ इमरजेंसी कॉन्टैक्ट अलर्ट की सुविधा मिलती है, किसी भी खतरे की स्थिति में यात्री चुने हुए भरोसेमंद कॉन्टैक्ट्स को तुरंत अलर्ट भेज सकता है।
- भारत टैक्सी प्लेटफॉर्म के साथ इन-ऐप सायरन सुविधा भी मिलती है। आपातकाल के दौरान ऐप में मौजूद सायरन बटन दबाकर तेज आवाज वाली चेतावनी चालू की जा सकती है।
- यह प्लेटफॉर्म लाइव राइड ट्रैकिंग की सुविधा देता है, जिसके साथ यात्रा के दौरान यात्री लोकेशन को रियल-टाइम में दोस्तों और परिवार के साथ शेयर कर सकते हैं।
भारत टैक्सी क्यों खास
- भारत टैक्सी में हर राइड पर किसी भी तरह का कमीशन नहीं लिया जाता है। इससे यात्रियों को किफायती किराए की सुविधा मिलती है। साथ ही, ड्राइवरों को उनकी पूरी कमाई सीधे उन्हीं को मिलती है।
- इस प्लेटफॉर्म के साथ फास्ट बुकिंग की सुविधा मिलती है। स्मार्ट टेक्नोलॉजी की मदद से प्लेटफॉर्म कुछ ही सेकंड में नजदीकी ड्राइवर को खोज लेता है, जिससे यात्रियों की राइड बिना इंतजार के तुरंत कन्फर्म हो जाती है।
- इस प्लेटफॉर्म पर किराया पहले से क्लियर होता है, जिसमें कोई छिपा हुआ चार्ज नहीं होता। यानी यात्रियों को जो कीमत दिखे, वही वे चुका सकते हैं।
- प्लेटफॉर्म पर कैंसिलेशन के कम चांस और भरोसेमंद राइड्स की सुविधा मिलती है। ड्राइवरों के संतुष्ट होने के कारण राइड कैंसिलेशन की संभावना कम रहती है, जिससे यात्रियों को ज्यादा भरोसेमंद और स्मूथ अनुभव मिलता है।
- इस प्लेटफॉर्म के साथ
UPI या कैश के जरिए पेमेंट का ऑप्शन मिलता है, जिससे हर यूजर के लिए पेमेंट प्रक्रिया सरल और परेशानी-मुक्त बनती है।
