Citroen Basalt Breaks Cover: सिट्रॉएन इंडिया ने नई बसाल्ट विजन कॉन्सेन्ट एसयूवी से पर्दा हटा लिया है। कंपनी 2024 के दूसरे हाफ में इसे भारत में लॉन्च करने वाली है। दिखने में ये बहुत जोरदार एसयूवी है और बहुत कुछ आगामी टाटा कर्व कूपे एसयूवी जैसी नजर आ रही है। सिट्रॉएन की ये नई एसयूवी मेड-इन-इंडिया होगी और ये कंपनी की देश में दूसरी एसयूवी होगी। ये पुष्टि भी हो चुकी है कि आगामी एसयूवी का नाम बसाल्ट होगा और कॉन्सेप्ट मॉडल लगभग प्रोडक्शन के लिए तैयार है। ये जोरदार गाड़ी होगी जो सिट्रॉएन की सी3 रेंज के मुकाबले लुक और नाम दोनों में अलग है।
मिला शानदार कूपे डिजाइन
स्मार्ट कार प्लेटफॉर्म पर बनी ये एसयूवी आगे से देखने पर सी3 एयरक्रॉस जैसी नजर आती है, वहीं इसका पिछला हिस्सा बिल्कुल उलट कूपे स्टाइल का है। इसके साथ भी स्प्लिट हेडलैंप्स, ग्रिल और अगले हिस्से के कई पुर्जे कंपनी के सिग्नेचर हैं। इसके अलॉय व्हील्स भी काफी आकर्षक हैं, कुल मिलाकर दिखने में ये जोरदार है। पिछले हिस्से पर नजर डालें तो ये दिखने में तगड़ा है, इसके साथ झुकती हुई छत मिली है जो कूपे स्टाइल और पूरा करती है। सी-पिलर पर भी संभवतः इंडिकेटर दिया गया है जो आकर्षक लग रहा है।
कितना दमदार होगा इंजन
सिट्रॉएन इंडिया ने अब तक इसकी कोई तकनीकी जानकारी नहीं दी है, लेकिन हमारा मानना है कि इसका डैशबोर्ड डिजाइन बाकी सिट्रॉएन कारों जैसा ही है। हालांकि इसका केबिन बहुत आरामदायक होने का अनुमान है, वहीं खूब सारे हाइटेक फीचर्स भी इस कार के साथ मिलने वाले हैं। नई सिट्रॉएन बसाल्ट के साथ 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिल सकता है जो सी3 एयरक्रॉस में मिलता है और ऑटोमैटिक के साथ मैनुअल गियरबॉक्स से लैस है। कंपनी यहां 1.2-लीटर का एनए पेट्रोल इंजन भी दे सकती है जो कुछ किफायती होगा।
