ऑटो न्यूज़

Tata Tigor Facelift जल्द होगी लॉन्च, मिलेगा नया लुक और दमदार सेफ्टी फीचर्स

टाटा मोटर्स अपने भारतीय ग्राहकों के लिए बहुत जल्द अपनी लोकप्रिय कॉम्पैक्ट सेडान टिगोर का नया फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च करने जा रही है। इस फेसलिफ्ट मॉडल में ग्राहकों को प्रीमियम इंटीरियर देखने को मिल सकता है।

Image

Tata Tigor Facelift जल्द होगी भारत में लॉन्च (Representative image)

टाटा मोटर्स (Tata Motors) अब अपनी लोकप्रिय कॉम्पैक्ट सेडान टिगोर का नया फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी ने इस साल पहले ही अपडेटेड टियागो और टियागो ईवी को पेश किया था और अब उम्मीद की जा रही है कि 2026 टाटा टिगोर फेसलिफ्ट भी आने वाले कुछ हफ्तों में भारतीय बाजार में दस्तक देगी। नई टिगोर को आकर्षक डिजाइन, प्रीमियम इंटीरियर, नए फीचर्स और बेहतर सुरक्षा के साथ पेश किया जा सकता है। हालांकि इसके इंजन और पावरट्रेन विकल्पों में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

मिलेगा नया और आकर्षक एक्सटीरियर

नई टाटा टिगोर फेसलिफ्ट में कंपनी की नई डिजाइन लैंग्वेज देखने को मिल सकती है, जिससे इसका लुक पहले से कहीं ज्यादा मॉडर्न और स्टाइलिश होगा। सामने की ओर नई और पतली एलईडी हेडलाइट्स के साथ इंटीग्रेटेड एलईडी डीआरएल दिए जाने की उम्मीद है, जिन्हें ग्लॉसी ब्लैक स्ट्रिप से जोड़ा जा सकता है। यह डिजाइन हाल ही में लॉन्च हुई नई टियागो से काफी इंस्पायर्ड होगा।

इसके अलावा, फ्रंट बंपर को भी नए अंदाज में डिजाइन किया जाएगा, जिसमें बड़ा एयर इनटेक और शार्प कट्स देखने को मिल सकते हैं। साइड प्रोफाइल में नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स दिए जा सकते हैं, जबकि पीछे की ओर अपडेटेड एलईडी टेललाइट्स, नया कनेक्टिंग ट्रिम और रिफ्रेश्ड बंपर कार को और ज्यादा प्रीमियम बनाएंगे।

पहले से ज्यादा प्रीमियम होगा इंटीरियर

नई टिगोर के केबिन में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें 10.25 इंच का फ्लोटिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा, जो मौजूदा मॉडल की तुलना में बड़ा और अधिक एडवांस होगा। इसके साथ नया डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी दिया जा सकता है।

इसके अलावा, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले, वायरलेस फोन चार्जर, टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट, ऑटो-फोल्डिंग ओआरवीएम और नए डिजाइन वाला स्टीयरिंग व्हील जैसे फीचर्स भी शामिल किए जा सकते हैं। ये सभी बदलाव नई टिगोर के इंटीरियर को पहले से कहीं अधिक आधुनिक और प्रीमियम बनाएंगे।

सुरक्षा में भी होगा बड़ा सुधार

सेफ्टी के मामले में भी टाटा मोटर्स बड़ा अपडेट दे सकती है। माना जा रहा है कि नई टिगोर फेसलिफ्ट के सभी वेरिएंट्स में 6 एयरबैग स्टैंडर्ड दिए जाएंगे। इसके अलावा 360-डिग्री कैमरा सिस्टम भी मिलने की संभावना है, जिसमें आगे और साइड मिरर्स के नीचे कैमरे लगाए जाएंगे। इससे पार्किंग और तंग जगहों पर कार चलाना पहले से अधिक आसान हो जाएगा।

पेट्रोल, सीएनजी और ईवी विकल्प रहेंगे बरकरार

मैकेनिकल बदलाव की बात करें तो नई टिगोर में मौजूदा 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन ही जारी रहने की संभावना है, जो 86 पीएस की पावर और 113 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। वहीं फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी मॉडल 75.5 पीएस की पावर और 96.5 एनएम का टॉर्क देता रहेगा।

दोनों इंजन विकल्पों के साथ 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड एएमटी गियरबॉक्स मिलने की उम्मीद है। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि एएमटी वेरिएंट्स में पहली बार पैडल शिफ्टर्स दिए जा सकते हैं, हालांकि कंपनी ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article