Yunus Meets Jinping: बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने चीन से बांग्लादेश में अपना आर्थिक प्रभाव बढ़ाने को कहा और उल्लेख किया कि इस संबंध में भारत के पूर्वोत्तर राज्यों का चारों ओर से जमीन से घिरा होना एक अवसर साबित हो सकता है। यह टिप्पणी जाहिर तौर पर यूनुस ने हाल में चार दिवसीय चीन यात्रा के दौरान की। इसका वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर सामने आया। यूनुस ने कहा, भारत के पूर्वी हिस्से के सात राज्य सात बहनें कहलाते हैं। वे चारों ओर से जमीन से घिरे क्षेत्र हैं। उनके पास समुद्र तक पहुंचने का कोई रास्ता नहीं है।
यूनुस की शी जिनपिंग से मुलाकात
उन्होंने इस यात्रा के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की और चीन के साथ नौ समझौतों पर हस्ताक्षर किए। बांग्लादेश को इस क्षेत्र में महासागर का एकमात्र संरक्षक बताते हुए यूनुस ने कहा कि यह एक बड़ा अवसर हो सकता है और चीनी अर्थव्यवस्था का विस्तार हो सकता है। प्रधानमंत्री मोदी की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल ने एक्स पर यह वीडियो पोस्ट किया और सवाल किया कि यूनुस ने भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र का उल्लेख क्यों किया।
उन्होंने कहा, यह दिलचस्प है कि यूनुस चीनियों से इस आधार पर सार्वजनिक अपील कर रहे हैं कि भारत के सात राज्य चारों ओर से भूमि से घिरे हुए हैं। चीन का बांग्लादेश में निवेश करने का स्वागत है, लेकिन भारत के सात राज्यों के चारों ओर से भूमि से घिरे होने का क्या मतलब है?
पूर्व उच्चायुक्त वीना सीकरी ने चेताया
वहीं, बांग्लादेश में भारत की पूर्व उच्चायुक्त वीना सीकरी ने बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस के उस बयान की कड़ी निंदा की है, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि बांग्लादेश इस क्षेत्र के लिए हिंद महासागर का एकमात्र संरक्षक है, क्योंकि पूर्वोत्तर के सात भारतीय राज्य जमीन से घिरे हुए हैं। सीकरी ने यूनुस की टिप्पणियों को चौंकाने वाला बताया और कहा कि पूर्वोत्तर भारत का अभिन्न अंग है। चीन की अपनी चार दिवसीय यात्रा के दौरान यूनुस द्वारा ये टिप्पणियां किए जाने के बाद पूर्व भारतीय दूत ने जोर देकर कहा कि नोबेल पुरस्कार विजेता को ऐसा बयान देने का कोई अधिकार नहीं है।
कांग्रेस ने बताया खतरनाक
कांग्रेस ने कहा कि भारत को घेरने के लिए बांग्लादेश द्वारा चीन को आमंत्रित करना पूर्वोत्तर क्षेत्र की सुरक्षा के लिए बहुत खतरनाक है। इसने आरोप लगाया कि सरकार मणिपुर समेत पूरे क्षेत्र की देखभाल नहीं कर रही है। कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने एक्स पर पोस्ट किया, भारत को घेरने के लिए बांग्लादेश चीन को आमंत्रित कर रहा है। बांग्लादेश सरकार का यह रवैया हमारे पूर्वोत्तर क्षेत्र की सुरक्षा के लिए बहुत खतरनाक है। सरकार मणिपुर की सुध नहीं ले रही है और चीन पहले ही अरुणाचल में गांव बसा चुका है। खेड़ा ने कहा, हमारी विदेश नीति इतनी दयनीय स्थिति में है कि जिस देश के निर्माण में भारत की प्रमुख भूमिका थी, वह भी आज हमारे खिलाफ लामबंदी करने में लगा हुआ है। उन्होंने बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस की एक वीडियो क्लिप साझा की, जिसमें उन्होंने दावा किया कि उनका देश महासागर (बंगाल की खाड़ी) का संरक्षक है।
