दुनिया

बोर्ड ऑफ पीस का जूनियर पार्टनर होगा UN? ट्रंप ने कर दिया साफ, बोले-हमारे साथ काम करेगा तो उसके लिए अच्छा होगा

दावोस से लौटते समय एयर फोर्स वन में मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा, 'मुझे नहीं पता कि मैं यह चाहता भी हूं या नहीं, लेकिन यह गाजा के साथ बेहतरीन काम करेगा, और शायद दूसरी चीजों में भी, आप जानते हैं, यह गाजा से आगे भी जा सकता है। और हम संयुक्त राष्ट्र के साथ काम करेंगे।'

Image

दावोस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।

Photo : AP

Trump's Board of peace : बोर्ड ऑफ पीस क्या संयुक्त राष्ट्र की जगह लेगा? यह आशंका अब धीरे-धीरे वास्तविकता की तरफ जाती दिख रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने द्वारा बनाए गए बोर्ड ऑफ पीस की भूमिका और दायरा स्पष्ट करने लगे हैं। ट्रंप ने कहा है कि उनका मानना है कि बोर्ड ऑफ पीस के साथ यूएन यदि मिलकर काम करता है तो यह उसके लिए अच्छा रहेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि वह यूएन के प्रशंसक रहे हैं लेकिन वह अपनी जिम्मेदारियां पूरी तरह से निभा नहीं पाया है।

वे उस पर खरे नहीं उतर पाए हैं-ट्रंप

दावोस से लौटते समय एयर फोर्स वन में मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा, ' मुझे नहीं पता कि मैं यह चाहता भी हूं या नहीं, लेकिन यह गाजा के साथ बेहतरीन काम करेगा, और शायद दूसरी चीजों में भी, आप जानते हैं, यह गाजा से आगे भी जा सकता है। और हम संयुक्त राष्ट्र के साथ काम करेंगे…मैंने हमेशा कहा है कि संयुक्त राष्ट्र में बहुत बड़ी क्षमता है, लेकिन वे उस पर खरे नहीं उतर पाए हैं। मैंने कहा कि आठ युद्ध हुए, और मैंने उनसे कभी बात नहीं की। आपको लगता कि मैं उनसे बहुत बात करता। लेकिन संयुक्त राष्ट्र में अपार क्षमता है। मुझे लगता है कि शांति बोर्ड के साथ काम करना संयुक्त राष्ट्र के लिए एक अच्छी बात साबित होगी।'

'पुतिन को संदेश है कि युद्ध समाप्त होना चाहिए'

इससे पहले ट्रंप ने बृहस्पतिवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ मुलाकात की। उन्होंने कहा कि जेलेंस्की के साथ उनकी बैठक अच्छी रही और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को उनका संदेश है कि ‘युद्ध समाप्त होना चाहिए’। स्विट्जरलैंड के रिजॉर्ट शहर दावोस में विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) के वार्षिक सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद स्वदेश लौटने से पहले ट्रंप ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल आज या कल पुतिन से मुलाकात करेगा।

आज की बैठक सकारात्मक रही-ट्रंप

उन्होंने कहा, ‘मेरी मुलाकात राष्ट्रपति जेलेंस्की से यहां हुई। बैठक अच्छी रही। हम (अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल) आज या कल राष्ट्रपति पुतिन से मिलेंगे।’ बाद में, जेलेंस्की ने कहा कि उनकी ट्रंप के साथ बातचीत सकारात्मक रही। विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की वार्षिक बैठक में अपने विशेष संबोधन के बाद जेलेंस्की ने यहां कहा, ‘बैठक अच्छी रही और यह हमारे देश के हित में थी। किसी भी राष्ट्रपति की तरह, मुझे अपने देश के हितों की रक्षा करनी होती है और इस तरह की बैठकें आम तौर पर कठिन होती हैं। लेकिन, हां, आज की बैठक सकारात्मक रही।’ जेलेंस्की ने बताया कि पुतिन के साथ बैठक के अलावा अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल यूक्रेन की टीम से भी अलग से मुलाकात करेगा और बाद में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में अमेरिका, रूस और यूक्रेन की टीमों के बीच एक त्रिपक्षीय बैठक होने की उम्मीद है। त्रिपक्षीय बैठक शुक्रवार या शनिवार को होने की उम्मीद है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें