देश

लद्दाख में विकास की नई उड़ान! एयरपोर्ट टर्मिनल और निम्मू-पदुम-दारचा सड़क राष्ट्र को समर्पित, PM मोदी बोले- नई पीढ़ी पर हमारा विशेष ध्यान

Ladakh Development Projects: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लद्दाख के लिए 3,350 करोड़ रुपये की कई अहम परियोजनाओं का उद्धाटन किया। जिनमें एयरपोर्ट टर्मिनल और निम्मू-पदुम-दारचा सड़क शामिल है।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Photo : Times Now Digital

Ladakh Development Projects: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लद्दाख के लिए 3,350 करोड़ रुपये की कई अहम परियोजनाओं का उद्धाटन किया। पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज लद्दाख की प्रगति और विकास में एक और अध्याय जुड़ रहा है। मुझे खुशी है कि मैं टेक्नोलॉजी के माध्यम से इस अवसर का हिस्सा बन रहा हूं।

पीएम मोदी ने कहा कि आज लद्दाख में कई अहम विकास परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ है। इनसे कई लोगों का सफर आसान होगा, कहीं बिजली की सुविधाएं बेहतर होंगी, कहीं पानी की उपलब्धता बढ़ेगी और हमारी प्राचीन विरासत के संरक्षण को भी नई ताकत मिलेगी। उन्होंने कहा, ''मैं इन परियोजनाओं के लिए लद्दाख के सभी लोगों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। मैं इन परियोजनाओं में लगे सभी इंजीनियरों, श्रमिकों और स्थानीय साथियों को भी बधाई देता हूं। मैं बीआरओ के साथियों की भी विशेष सराहना करता हूं।''

650 करोड़ की लागत से तैयार हुआ टर्मिनल

पीएम मोदी ने कहा कि कुछ समय पहले मैंने लेह के कुशोक बकुला रिनपोचे एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग का शिलान्यास किया था। ये मेरा सौभाग्य है कि आज मुझे ही इतने महत्वपूर्ण परियोजना का लोकार्पण करने का मौका भी मिला है। करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से बने इस टर्मिनल की सहायता से इस एयरपोर्ट की सालाना यात्री क्षमता 10 लाख से बढ़कर करीब 35 लाख हो जाएगी। यहां उड़ानों की संख्या भी 3 गुना तक बढ़ सकती है।

उन्होंने कहा कि भारत में जियोथर्मल हीटिंग (Geothermal Heating) की सुविधा वाला ये देश का पहला एयरपोर्ट टर्मिनल है। हमारा प्रयास है कि लद्दाख में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हो और यहां के पर्यावरण का भी पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा, ''इस एयरपोर्ट टर्मिनल से लद्दाख में पर्यटन क्षेत्र को भी नई ऊर्जा मिलेगी। मैं इस आधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल के लिए लद्दाख के मेरे सभी भाई-बहनों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।''

निम्मू-पदुम-दारचा सड़क का उद्घाटन

पीएम मोदी ने कहा कि आज जिन अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया है, उनका भी बहुत महत्व है। आज निम्मू पदुम दारचा सड़क लद्दाख के लोगों को समर्पित की गई है। इस पर करीब 2,500 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। पहले जिस सफर में करीब 12 घंटे लगते थे, वो अब लगभग 3 घंटे में पूरा हो सकेगा। इससे यात्रा का समय भी बचेगा और इस रोड से व्यापार और कारोबार को भी और मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि हमारा विशेष ध्यान लद्दाख की नई पीढ़ी पर है। यहां के युवाओं को अच्छी शिक्षा मिले, नई टेक्नोलॉजी सीखने का अवसर मिले और उन्हें दूसरे शहरों पर निर्भर न रहना पड़े। लेह में इसलिए एक बड़ा उत्कृष्टता केंद्र (Center of Excellence) बन रहा है। उन्होंने कहा, ''आईआईटी जम्मू और आईआईएम जम्मू के सैटेलाइट कैंपस स्थापित करने के प्रस्ताव भी आगे बढ़ाए जा रहे हैं। इनसे उच्च शिक्षा, रिसर्च और नई स्किल के लिए लद्दाख के युवाओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर अवसर मिल सकेंगे।''

खेल प्रतिभाओं को मिल रहा प्रोत्साहन

पीएम मोदी ने कहा कि लद्दाख में खेलों की भी बहुत बड़ी संभावनाएं हैं। यहां के युवाओं में आइस हॉकी, विंटर स्पोर्ट्स और पर्वतारोहण जैसे क्षेत्रों में अपनी विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि लद्दाख में नई स्पोर्ट्स नीति के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि यहां के युवाओं को बेहतर ट्रेनिंग और सुविधाएं मिलें और वो राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल करें।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article