अमेरिका के इलिनोइस (Illinois) राज्य में एक हिंदू प्रार्थना स्थल को निशाना बनाकर सामूहिक गोलीबारी की साजिश रचने वाले 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब दुनियाभर में हिंदू समुदाय नवरात्रि जैसे पावन त्योहार मना रहा है। पैलेटाइन (Palatine) के रहने वाले 19 वर्षीय एलेक्झांड्रोस पापोराकिस (Alexandros Paporakis) को 11 अक्टूबर की शाम को पुलिस ने उस समय धर दबोचा जब वह अपने घर से बाहर निकल रहा था। कुक काउंटी कोर्ट के जज ने उसे हिरासत में रखने का आदेश दिया है और अगली सुनवाई 30 अक्टूबर को तय की गई है।
साजिश का खुलासा
माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस डिपार्टमेंट को एक शख्स से इलेक्ट्रॉनिक कम्यूनिकेशन के जरिए एक संभावित मास शूटिंग की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पैलेटाइन और माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस ने आपसी तालमेल बिठाकर तुरंत कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि आरोपी इलिनोइस के औरोरा (Aurora) क्षेत्र में किसी हिंदू मंदिर या प्रार्थना स्थल को निशाना बनाने की फिराक में था।
व्हाइट सुप्रीमेसिस्ट मेनिफेस्टो
पुलिस ने आरोपी के पास से एक स्व-लिखित दस्तावेज बरामद किया है जिसका शीर्षक "Why I Fought: A.K.A.: (Aurora shooter’s manifesto)" है। इस मेनिफेस्टो में श्वेत वर्चस्ववादी और चरमपंथी विचार लिखे गए हैं, जिसमें दक्षिण एशियाई और खासतौर पर भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा भड़काने की बातें शामिल हैं।
हथियार और अन्य सामान बरामद
पैलेटाइन पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में खतरनाक हथियार और उपकरण बरामद किए। एक राइफल (जिसकी बैरल 16 इंच से कम है), कई लोड की हुई राइफल मैगजीन, सैकड़ों राउंड अतिरिक्त राइफल कारतूस, टेक्टिकल वेस्ट, बॉडी आर्मर और श्वेत वर्चस्ववादी चरमपंथ से जुड़े प्रतीकों वाला एक पैच बरामद हुए हैं।
पुलिस और एफबीआई की सख्त कार्रवाई
पैलेटाइन पुलिस प्रमुख विलियम नॉर्ड ने इस गंभीर खतरे को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। औरोरा पुलिस विभाग ने भी अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी हिंदू प्रार्थना स्थलों को इस संभावित खतरे के प्रति सतर्क कर दिया है। फिलहाल पैलेटाइन पुलिस इस मामले में एफबीआई (FBI) के साथ मिलकर आगे की जांच कर रही है और और भी चार्ज जोड़े जाने की संभावना है।
सामुदायिक प्रतिक्रिया: 'हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन' (HAF) ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर कानून प्रवर्तन एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। साथ ही, समुदाय के लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध खतरे की सूचना तुरंत देने की अपील की है ताकि हर कोई बिना किसी डर के अपने धार्मिक स्थलों पर जा सके।
