शहर

Muzaffarpur News: यात्री बस से हो रही थी विदेशी शराब की तस्करी, मुजफ्फरपुर में पकड़ी गई सिलीगुड़ी से आ रही गाड़ी

Muzaffarpur Liquor Smuggling News: उत्पाद विभाग को सूचना मिली कि सिलीगुड़ी से मुजफ्फरपुर की ओर आ रही यात्री बस में विदेशी शराब की बड़ी खेप छिपाकर लाई जा रही है। इसके बाद टीम ने गायघाट थाना क्षेत्र स्थित उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट तलाशी लेकर डिक्की में रखी विदेशी शराब की खेप बरामद की।

Image

यात्री बस से शराब की तस्करी (फोटो साभार- TNN)

Muzaffarpur Liquor Smuggling News: मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर सिलीगुड़ी से मुजफ्फरपुर आ रही एक यात्री बस की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है। मौके से शराब कारोबारी के साथ बस के चालक और उपचालक को भी गिरफ्तार किया गया है। तीनों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सिलीगुड़ी से मुजफ्फरपुर आ रही थी बस

उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि सिलीगुड़ी से मुजफ्फरपुर की ओर आ रही एक यात्री बस में विदेशी शराब की बड़ी खेप छिपाकर लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने उत्पाद सहायक अवर निरीक्षक दिलीप पासवान के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। इसके बाद टीम ने गायघाट थाना क्षेत्र स्थित उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट पर निगरानी तेज कर दी। जैसे ही संदिग्ध यात्री बस चेकपोस्ट पर पहुंची, टीम ने उसे रोककर तलाशी शुरू कर दी। तलाशी के दौरान बस की डिक्की में रखी विदेशी शराब की खेप बरामद हुई। इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद एक कथित शराब कारोबारी, बस चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया।

तस्करी के नेटवर्क की हो रही जांच

हालांकि, बरामद शराब की कुल मात्रा, ब्रांड और कीमत के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। उत्पाद विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि शराब कहां से लाई गई थी, इसे मुजफ्फरपुर में किसे पहुंचाना था और इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। मामले में उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गायघाट थाना क्षेत्र में यात्री बस की तलाशी ली गई थी। इस दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान एक शराब तस्कर के साथ बस के चालक और उपचालक को गिरफ्तार किया गया है। सभी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

शराब तस्करी का नया तरीका

फिलहाल उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। विभाग का मानना है कि यात्री बसों के जरिए शराब तस्करी का यह नया तरीका अपनाया जा रहा है। इससे पहले भी कई बार बसों से शराब बरामद की जा चुकी है। उत्पाद विभाग की टीम अब इस रूट पर चलने वाली अन्य बसों पर भी नजर रख रही है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article