जापान के उत्तरी हिस्से में भीषण जंगल की आग ने हालात गंभीर कर दिए हैं। यहां के इवाते प्रांत में चार दिनों पहले आग लगी थी, जिस पर अभी तक काबू नहीं पाया जा सका है। फिलहाल आग बुझाने के लिए 1000 से ज्यादा फायरफाइटर्स लगातार जूझ रहे हैं। वहीं, करीब 3,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
रिहायशी इलाकों तक पहुंची आग
अधिकारियों ने बताया कि आग की दो अलग-अलग घटनाएं पहाड़ी इलाकों में शुरू हुईं,जो अब रिहायशी क्षेत्रों के करीब पहुंच चुकी हैं। अब तक करीब 730 हेक्टेयर इलाका पूरी तरह जलकर राख हो चुका है। उन्होंने कहा कि आग की गंभीरता को देखते हुए 1,541 घरों और 3,233 लोगों को निकासी आदेश दिया गया है।
मुश्किल बना मौसम और भूगोल
फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने आग बुझाने में आ रही दिक्कतों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि पहाड़ी इलाका,और सूखे मौसम और तेज हवाओं के कारण आग पर काबू पाने में समस्या हो रही है। इस बीच,जापानी मौसम एजेंसी ने बारिश को लेकर जो भविष्यवाणी की है वह चिंता बढ़ाने वाली है। एजेंसी के मुताबिक,आने वाले दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है।
सेना हेलीकॉप्टर से आग पर काबू पाने में जुटी
आग पर काबू पाने के लिए हेलीकॉप्टरों के जरिए पानी गिराया जा रहा है। जापानी सेना भी राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। जमीनी स्तर पर फायरफाइटर्स लगातार नई-नई जगहों पर भड़क रही आग को बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।
अब तक आठ इमारतों को हुआ नुकसान
इस आग के कारण अब तक 8 इमारतें,जिनमें एक घर भी शामिल है,नष्ट हो चुकी हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि वे अन्य एजेंसियों से मदद मांग रहे हैं और विस्थापित लोगों के लिए राहत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
