दुनिया

वेनेजुएला के राष्ट्रपति को सही में ले भागा अमेरिका, उपराष्ट्रपति ने कहा- हमें जीवित होने का सबूत चाहिए

वेनेजुएला की राजधानी काराकस में कम ऊंचाई पर उड़ते कई विमानों ने इस हमले को अंजाम दिया है। इस हमले के बाद वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनकी पत्नी के साथ अमेरिका ने पकड़ लिया है और देश के बाहर लेकर चले गए हैं।

Image

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो (फोटो- AP)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ देर पहले ही वेनेजुएला पर यूएस के हमले की पुष्टि की थी। साथ ही ट्रंप ने दावा किया था कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को अमेरिका ने कब्जे में ले लिया है। अब वेनेजुएला की ओर से भी ये साफ किया गया है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी की खबर नहीं मिल रही है। वो जिंदा भी या नहीं।

वेनेजुएला के उपराष्ट्रपति मांग रहीं सबूत

अब सवाल ये है कि जब मादुरो को अमेरिका ने कब्जे में ले लिया है तो फिर वेनेजुएला का शासन चला कौन रहा है, कौन वहां की सरकार का मुखिया हुआ? वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिग्ज ने कहा कि मादुरो, उनकी पत्नी के बारे में कोई जानकारी नहीं हैं, उन्होंने कहा, ‘‘हम उनके जीवित होने का सबूत चाहते हैं’’।

ट्रंप ने क्या दावा किया था?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को दावा किया कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ लिया गया है और देश से बाहर ले जाया गया है। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला और उसके नेता के खिलाफ ‘‘बड़े पैमाने पर हमला’’ किया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर चलाए गए अभियान में मादुरो की पत्नी को भी पकड़ा गया है। उन्होंने कहा कि उनकी शनिवार को बयान जारी करने की योजना है।

चल रही थी तनातनी

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिकी सेना हाल के दिनों में कथित रूप से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाली नौकाओं को निशाना बना रही है। शुक्रवार को वेनेजुएला ने कहा था कि वह मादक पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए अमेरिका के साथ एक समझौते पर बातचीत के लिए तैयार है। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने पहले से रिकॉर्ड किए गए और बृहस्पतिवार को प्रसारित एक साक्षात्कार में कहा था कि अमेरिका वेनेजुएला में सरकार बदलने के लिए दबाव बनाना और उसके विशाल तेल भंडार तक पहुंच हासिल करना चाहता है। उन्होंने कहा था कि दबाव बनाने का यह अभियान अगस्त में कैरिबियाई सागर में बड़े पैमाने पर अमेरिकी सैन्य तैनाती के साथ शुरू हुआ था और कई महीनों से जारी है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article