Flydubai flight News : बुधवार सुबह दुबई से इजराइल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया जब विमान के पायलट एवं को-पायलट के बीच लड़ाई होने की बात सामने आई। हालांकि, बाद की रिपोर्टों में विमान के सऊदी अरब में क्रैश कराने की आशंका जताई गई। एक वीडियो में विमान की खिड़की से खौफनाक मंजर भी सामने आया है। शुरुआती फुटेज में विमान के अचानक नीचे की ओर गोता लगाने की बात सामने आई है।
15 हजार फीट तक नीचे आ गया विमान
इजराइली मीडिया के मुताबिक, विमान 30 हजार फीट की ऊंचाई से महज एक मिनट में करीब 15 हजार फीट तक नीचे आ गया, जबकि उसकी रफ्तार मैक-1 तक पहुंच गई थी। एक इजरायली सूत्र ने कहा कि विमान की इस घटना में आतंकी साजिश की आशंका को अभी खारिज नहीं किया गया है। यह संभावना भी जांची जा रही है कि किसी एक पायलट ने विमान को हाईजैक करने की कोशिश की और दूसरे पायलट ने उसे काबू कर लिया। इजराइल में अब सऊदी अरब की जांच के निष्कर्षों का इंतजार किया जा रहा है।
क्या पायलट ने प्लेन को क्रैश कराने का प्रयास किया?
रिपोर्टों के अनुसार, फ्लाईदुबई की यह घटना शुरुआती जानकारी से कहीं ज्यादा गंभीर हो सकती है। अधिकारी कथित तौर पर इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या पायलट ने आत्महत्या की कोशिश के तहत विमान को क्रैश कराने का प्रयास किया था। बताया जा रहा है कि इजरायली यात्रियों और सह-पायलट ने स्थिति को नियंत्रित करने में मदद की।
विमान से आया इमरजेंसी कोड 7500
पैसेंजर फ्लाइट से इमरजेंसी सिग्नल के बाद इजराइल में हड़कंप मच गया। इसके बाद प्लेन को सऊदी अरब की तरफ मोड़ दिया गया और इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि पायलटों ने इमरजेंसी कोड 7500 भेजा, जिसके बाद बाद प्लेन के हाईजैक होने का डर पैदा हो गया। 150 यात्रियों को लेकर जा रही फ्लाइट से इमरजेंसी सिग्नल मिलने के बाद इजराइली एयरफोर्स ने इमरजेंसी की तैयारी में फाइटर जेट्स को तैनात कर दिया।
