दुनिया

Virginia Shooting: शूटिंग से फिर दहला अमेरिका, वर्जिनिया के वॉलमार्ट में अंधाधुंध फायरिंग, 6 की मौत

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Nov 23, 2022, 11:02 PM IST

Virginia Shooting: गोलीबारी की इस घटना पर वर्जिनिया के सीनेटर लूईस लुकास ने अपने एक ट्वीट में कहा कि 'अपने जिले में गोलीबारी की घटना की जानकारी पाकर मैं पूरी तरह से हिल गया हूं।

Image

वर्जिनिया में गोलीबारी की घटना के बाद लोग डरे हुए हैं।

KEY HIGHLIGHTS
  • अमेरिका में एक बार दिखा गन कल्चर का भयावह रूप, अब वर्जिनिया के स्टोर में फायरिंग
  • वॉलमार्ट के स्टोर में अंधाधुंध फायरिंग में कम से कम 10 लोगों की मौत होने की खबर है
  • पुलिस का कहना है कि हमलावर स्टोर का मैनेजर था, बाद में उसने खुद को गोली मार ली

Shooting in Virgina : अमेरिका में एक बार फिर मास शूटिंग की घटना सामने आई हुई है। वर्जिनिया के चेसापिएक में वालमार्ट के एक स्टोर में एक बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलीबारी की। बताया जा रहा है कि इस गोलीबारी में कम से कम 6 लोगों की मौत हुई है। पुलिस का कहना है कि हमलावर मारा गया है। सिटी ऑफ चेसापिएक ने अपने एक ट्वीट में कहा, 'चेसापिएक पुलिस सैम सर्किल में वालमार्ट के एक स्टोर में गोलीबारी की घटना का पुष्टि करती है। इस गोलीबारी में लोगों की जान गई है। हमलावर भी मारा गया है।'

वर्जिनिया के सीनेटर बोले-गन कल्चर का समाधान निकालेंगे

स्टोर में गोलीबारी की आवाज सुनने पर मौके पर 40 से ज्यादा आपात गाड़ियों को रवाना किया गया। रिपोर्टों के मुताबिक हमला होने के बाद 911 पर लोगों ने घटना की जानकारी दी। गोलीबारी की इस घटना पर वर्जिनिया के सीनेटर लूईस लुकास ने अपने एक ट्वीट में कहा कि 'अपने जिले में गोलीबारी की घटना की जानकारी पाकर मैं पूरी तरह से हिल गया हूं। जब तक गन हिंसा का कोई समाधान नहीं निकल जाता तब तक मैं शांति से नहीं बैठूंगा। इस गन कल्चर की वजह से बहुत सारे लोग मारे जा चुके हैं।'

हाल के दिनों में अमेरिका में गोलीबारी की कई घटनाओं में वृद्धि देखने को मिली है। इन हमलों में बड़ी संख्या में लोगों की जान जा चुकी है। देश में गन कल्चर की वजह से होने वाली हिंसा को देखते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की जा रही है।

स्टोर मैनेजर ने की फायरिंग

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक जिस युवक ने स्टोर में गोलीबारी की उसके बारे में बताया जा रहा है कि वह स्टोर मैनेजर था। स्टोरी में अंधाधुंध गोली चलाने के बाद उसने खुद को गोली मार ली। इस घटना के बारे में अभी और जानकारी नहीं मिल पाई है। रिपोर्ट में पुलिस के एक अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि इस घटना में 10 लोगों से ज्यादा लोगों की मौत नहीं हुई है। गोलीबारी में कुछ लोग घायल भी हुए हैं। व्यक्ति ने किस इरादे से गोलीबारी की, इसके बारे में अभी पता नहीं चल सका है।

हमलावर अकेला था-पुलिस

पुलिस का कहना है कि यह घटना स्थानीय समय 22.12 बजे हुई। गोलीबारी के बाद घटनास्थल की तस्वीरें सोशल मीडिया में सामने आई हैं। तस्वीरों में स्टोर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस की गाड़ियों को देखा जा सकता है। पुलिस का कहना है कि समझा जाता है कि हमलावर अकेला था और उसी ने इस घटना को अंजाम दिया। वहीं, वॉलमार्ट का कहना है कि इस त्रासदपूर्ण घटना के बाद वह सदमे में है और वह कानूनी एजेंसियों का सहयोग कर रहा है।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article