दुनिया

वेनेजुएला की नेता मचाडो ने ट्रंप को भेंट किया अपना नोबेल पुरस्कार, व्हाइट हाउस में हुई दोनों नेताओं की मुलाकात

वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से व्हाइट हाउस में मुलाकात की। बैठक के बाद उन्होंने वेनेजुएला की आज़ादी के लिए ट्रंप पर भरोसा जताया और प्रतीकात्मक रूप से अपना नोबेल शांति पुरस्कार पदक उन्हें भेंट किया। इस दौरान समर्थकों ने व्हाइट हाउस के बाहर प्रदर्शन कर राजनीतिक बदलाव की मांग की।

Image

वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने डोनाल्ड ट्रंप से व्हाइट हाउस में मुलाकात की।(फोटो सोर्स: AP)

Photo : AP

वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने गुरुवार (स्थानीय समय) को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से व्हाइट हाउस में मुलाकात की। यह दोनों नेताओं की पहली आमने-सामने की बैठक थी, जो वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद हुई है।

बैठक के बाद व्हाइट हाउस से निकलते हुए मचाडो ने कहा, “वेनेजुएला की आजादी के लिए हम राष्ट्रपति ट्रंप पर भरोसा कर रहे हैं।” इस दौरान उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से अपना नोबेल शांति पुरस्कार पदक राष्ट्रपति ट्रंप को भेंट किया। हालांकि, नोबेल समिति पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि यह पुरस्कार न तो हस्तांतरित किया जा सकता है और न ही साझा किया जा सकता है।

व्हाइट हाउस के बाहर प्रदर्शन

मचाडो और ट्रंप की बैठक के दौरान व्हाइट हाउस के बाहर बड़ी संख्या में वेनेजुएला समर्थक एकत्र हुए। प्रदर्शनकारी अपने देश में आज़ादी और राजनीतिक बदलाव की मांग करते हुए झंडे लहरा रहे थे।

प्रदर्शन में शामिल एड्रियाना मोलिनेरो ने कहा कि वह अपने देश के पुनर्निर्माण में हिस्सा लेने के लिए वापस लौटना चाहती हैं। वहीं, इसाबेल हायेक ने मचाडो को वेनेजुएला की जनता की सच्ची प्रतिनिधि बताते हुए अमेरिका से मौजूदा सत्ता के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने की अपील की।

ट्रंप ने क्या कहा?

राष्ट्रपति ट्रंप ने मचाडो को “बहुत अच्छी महिला” बताया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि उनके पास फिलहाल देश के भीतर नेतृत्व के लिए आवश्यक समर्थन और सम्मान नहीं है।

तेल कारोबार को लेकर क्या है अमेरिका का प्लान?

इसी बीच, अमेरिकी प्रशासन ने करीब 500 मिलियन डॉलर मूल्य के वेनेजुएला तेल की पहली बिक्री की पुष्टि की है। मादुरो की गिरफ्तारी के बाद ट्रंप ने यह भी कहा है कि अमेरिका वेनेजुएला के तेल संसाधनों पर नियंत्रण करेगा और वहां के तेल उद्योग के पुनर्निर्माण के लिए अमेरिकी कंपनियों को निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, मचाडो-ट्रंप मुलाकात वेनेजुएला के भविष्य को लेकर अंतरराष्ट्रीय राजनीति में एक अहम मोड़ मानी जा रही है, जिस पर अब पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article