Texas Flood: अमेरिका के टेक्सास राज्य में शुक्रवार तड़के आई अचानक और विनाशकारी बाढ़ ने भीषण तबाही मचाई, जिसमें अब तक कम से कम 51 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, एक समर कैंप से जुड़ी 27 लड़कियां अब भी लापता हैं। बाढ़ की सबसे भयावह तस्वीर केर काउंटी से सामने आई है, जहां 15 बच्चों समेत 43 लोगों की जान चली गई।
अचानक बढ़ गया नदी का जलस्तर
टेक्सास के हंट इलाके से होकर बहने वाली ग्वाडालूप नदी का जलस्तर महज 45 मिनट में 26 फुट तक बढ़ गया, जिससे क्षेत्र में भारी तबाही मच गई। नदी की रफ्तार इतनी तेज थी कि पेड़ उखड़ गए, वाहन बह गए और कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, यह बाढ़ पिछले कई वर्षों में देखी गई सबसे भयंकर बाढ़ों में से एक है।
‘मिस्टिक कैंप’ की 27 लड़कियां लापता
ग्वाडालूप नदी के तट पर स्थित 'मिस्टिक कैंप' में हर साल की तरह इस वर्ष भी एक समर कैंप आयोजित किया गया था। इसी कैंप से 27 लड़कियों के लापता होने की खबर ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। बचाव दल ने बताया कि कुछ लड़कियों के व्यक्तिगत सामान नदी के किनारे पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वे पानी में बह गई हों।
अब तक 850 से अधिक लोग बचाए गए
राज्य प्रशासन ने हेलीकॉप्टर, नाव और ड्रोन की मदद से व्यापक बचाव अभियान शुरू किया है। अब तक 850 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। राहत और बचाव कार्य 24 घंटे बिना रुके जारी हैं।
