दुनिया

ट्रंप ने दिया विदेशी छात्रों को बड़ा झटका, रोके गए स्टूडेंट वीजा इंटरव्यू, ऑनलाइन प्रोफाइल जांच होगी तेज

विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने दुनिया भर में अमेरिकी दूतावासों को छात्र वीजा के लिए इंटरव्यू आयोजित करना बंद करने का आदेश जारी किया है। जानिए इसका क्या-क्या असर होगा।

Image

विदेशी छात्रों के लिए वीजा इंटरव्यू रोके गए, मार्को रुबियो का निर्देश

Photo : AP

US Stops Scheduling Visa Interviews For Foreign Students: अमेरिकी विदेश विभाग ने अमेरिका में पढ़ाई करने की उम्मीद कर रहे विदेशी छात्रों को नया झटका दिया है। अमेरिका ने एडमिशन के लिए नए वीजा इंटरव्यू रोक दिए हैं। अब सोशल मीडिया पर छात्रों की गतिविधि की जांच का विस्तार करने की तैयारी हो रही है। एक अमेरिकी अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि निलंबन अस्थायी है और उन आवेदकों पर लागू नहीं होता है जिन्होंने पहले ही अपने वीजा साक्षात्कार निर्धारित कर लिए हैं। अधिकारी ने आंतरिक प्रशासन दस्तावेज पर चर्चा करने के लिए नाम न बताने की शर्त पर यह बात बताई।

छात्र वीजा के लिए इंटरव्यू पर रोक

विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने दुनिया भर में अमेरिकी दूतावासों को छात्र वीजा के लिए इंटरव्यू आयोजित करना बंद करने का आदेश दिया है। मार्को रुबियो द्वारा जारी किए गए निर्देश में कहा गया है कि विदेश विभाग सोशल मीडिया जांच पर मार्गदर्शन जारी करने की योजना बना रहा है। सोशल मीडिया जांच के संबंध में मार्गदर्शन जारी नहीं होने तक वाणिज्य दूतावास तुरंत प्रभाव से कोई अतिरिक्त छात्र या आगंतुक वीजा न दें।

मंगलवार को एक ब्रीफिंग में इस संबंध में पूछे जाने पर विदेश विभाग के प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने कहा कि अमेरिका वीजा के लिए आवेदन करने वाले लोगों की जांच करने के लिए हर उपलब्ध संसाधन का उपयोग करता है। हम यह आकलन करने के लिए हर संभव साधन का उपयोग करना जारी रखेंगे कि यहां कौन आ रहा है, चाहे वे छात्र हों या कोई अन्य। बता दें कि ट्रंप प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय छात्रों पर डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की कार्रवाई के तहत ये नया कदम उठाया है।

अंतर्राष्ट्रीय छात्रों को दाखिले को रद्द करने का निर्देश

पिछले हफ़्ते ट्रंप प्रशासन ने हार्वर्ड विश्वविद्यालय की अंतर्राष्ट्रीय छात्रों को दाखिले को रद्द कर दिया था। कॉलेजों को विदेशी छात्रों को वीजा के लिए प्रायोजित करने की अनुमति भी रोक दी गई थी। हालांकि, इसे तुरंत अदालत में चुनौती दी गई और अभी के लिए एक संघीय न्यायाधीश ने इसे रोक दिया है। ट्रंप प्रशासन ने देश में पहले से मौजूद हजारों अंतर्राष्ट्रीय छात्रों की कानूनी स्थिति को भी रद्द कर दिया, जिससे कुछ लोग निर्वासन के डर से अमेरिका छोड़कर चले गए हैं।

छात्र वीजा शेड्यूल करने से विश्वविद्यालयों को नुकसान

ट्रंप के पिछले प्रशासन ने सभी वीजा आवेदकों की जांच बढ़ा दी थी और उनके सोशल मीडिया खातों की समीक्षा शुरू की थी। यह नीति पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन के दौरान भी बनी रही। छात्र वीजा शेड्यूल करने में लंबे समय तक रोक से देरी हो सकती है जिसका असर कॉलेज, बोर्डिंग-स्कूल या एक्सचेंज छात्रों के नामांकन में भारी कमी आ सकती है। अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के नामांकन में गिरावट से विश्वविद्यालय के बजट को नुकसान हो सकता है। संघीय अनुसंधान निधि में कटौती की भरपाई के लिए, कुछ कॉलेजों ने अधिक संख्या में अंतर्राष्ट्रीय छात्रों को दाखिला देना शुरू कर दिया है, जो अक्सर पूरी फीस का भुगतान करते हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article