PM Modi Longest Serving Indian Prime Minister: अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन (US Singer Mary Millben) ने सोशल मीडिया पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक भावुक और प्रेरणादायक संदेश के जरिए बधाई दी है। पीएम मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक अवसर पर मिलबेन ने उनकी जमकर तारीफ की और उन्हें अपना एक अच्छा दोस्त बताया। मैरी मिलबेन ने अपने संदेश की शुरुआत भारत के तिरंगे और लोकतांत्रिक मूल्यों की तारीफ से की।
मिलबेन ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि जब भारत के आसमान में तिरंगा गर्व से लहराता है, तो हम इस महान देश की यात्रा के एक ऐतिहासिक और लोकतांत्रिक पड़ाव का जश्न मनाते हैं। उन्होंने पीएम मोदी को बधाई देते हुए कहा कि यह पहचान पूरी तरह से उनके हक में है। उनके नेतृत्व ने 140 करोड़ भारतीयों की प्रगति, एकता और आकांक्षाओं को एक नया आकार दिया है।
सीएम से पीएम बनने तक का सफर
मिलबेन ने पीएम मोदी के जीवन के सफर को 'भारतीय सपने' (Indian Dream) का सच्चा उदाहरण बताया। उन्होंने लिखा: "गुजरात की जमीनी शुरुआत से लेकर मुख्यमंत्री और अब प्रधानमंत्री बनने तक का आपका सफर दृढ़ता, साहस और देश की किस्मत में अटूट विश्वास का प्रतीक है।"
भारत-अमेरिका संबंधों और कूटनीति की जमकर की सराहना
अमेरिकी गायिका ने भारत और अमेरिका के मजबूत होते रिश्तों (India US Relations) में पीएम मोदी (PM Modi) के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल के दौरान कई अमेरिकी राष्ट्रपतियों के साथ काम किया। कुछ राष्ट्रपतियों के साथ उनके बहुत अच्छे रिश्ते रहे, तो कुछ के प्रति उन्होंने बेहद गरिमा दिखाई। इन सबके बीच, उन्होंने हमेशा एक ऐसी स्पष्ट कूटनीति का पालन किया जिससे भारतीय लोगों के हित सुरक्षित रहे और दोनों देशों के संबंध भी मजबूत हुए।
दुनिया में बढ़ा भारत का सम्मान
मिलबेन के अनुसार, पीएम मोदी ने दुनिया भर में रह रहे भारतीयों का सिर गर्व से ऊंचा किया है। आज वैश्विक स्तर पर भारत की जो मजबूत स्थिति है, उसका श्रेय पीएम मोदी केनजरिए को जाता है। उन्होंने पवित्र ग्रंथों का हवाला देते हुए पीएम मोदी के लिए प्रार्थना की और कहा कि वे हमेशा ईश्वर की शक्ति के प्रति समर्पित रहकर देश की सेवा करते रहें। मिलबेन ने अपने वीडियो संदेश के अंत में 'जय हिंद' और 'वंदे मातरम' के साथ कहा।
