देश

चाबहार पोर्ट पर हमले की रिपोर्ट्स पर MEA का बड़ा बयान, कहा- टर्मिनल पूरी तरह सुरक्षित, नहीं हुआ कोई नुकसान

Chabahar Port Attack: विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को चाबहार पोर्ट पर कथित हमले की रिपोर्ट्स पर प्रतिक्रिया देते हुए स्पष्ट किया कि टर्मिनल को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

Image

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल (फाइल फोटो)

Chabahar Port Attack: विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि ईरान के चाबहार पोर्ट पर कथित अमेरिकी हमले की रिपोर्ट्स के बावजूद भारत द्वारा संचालित शहीद बेहेश्ती टर्मिनल पूरी तरह सुरक्षित है और उसे किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को साप्ताहित प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि चाबहार पोर्ट के संबंध में अमेरिकी की ओर से पहले एक छूट दी गई थी, जिसकी अवधि कुछ समय पहले समाप्त हो चुकी है। इसके बाद से भारत इस मामले को आगे बढ़ाने के लिए संबंधित पक्षों के साथ लगातार बातचीत कर रहा है।

'पूरी तरह सुरक्षित है टर्मिनल'

चाबहार पोर्ट पर कथित अमेरिकी हमले से जुड़े सवाल पर रणधीर जायसवाल ने कहा कि सरकार ने इन रिपोर्टों को देखा है, लेकिन भारत के निवेश वाले शहीद बेहेश्ती टर्मिनल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा, "हम पुष्टि कर सकते हैं कि टर्मिनल पूरी तरह सुरक्षित है और उसे किसी तरह की क्षति नहीं हुई है।"

यह बयान ऐसे समय पर आया जब चाबहार क्षेत्र में हमलों की रिपोर्ट्स सामने आईं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि बंदरगाह के आसपास विस्फोट हुए हैं और अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी सोशल मीडिया पर हमलों से जुड़ी तस्वीरें साझा की थीं। हालांकि, भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि उनके संचालन वाला टर्मिनल पूरी तरह सुरक्षित है।

भारत के लिए क्यों अहम है चाबहार पोर्ट

ईरान के दक्षिण-पूर्वी तट पर ओमान की खाड़ी के किनारे स्थित चाबहार पोर्ट भारत के लिए बेहद खास है। इस बंदरगाह के जरिए भारत पाकिस्तान को बायपास करते हुए अफगानिस्तान और मध्य एशिया तक अपनी सीधी पहुंच बना सकता है। भारत ने चाबहार के शहीद बेहेश्ती टर्मिनल के विकास और संचालन में बड़ा निवेश किया है।

PoJK भारत का अभिन्न हिस्सा

पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) से जुड़े सवाल पर रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत का रुख पहले भी स्पष्ट था और आज भी वही है। उन्होंने कहा, "जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पूरे केंद्र शासित प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है। वे पहले भी भारत का अभिन्न हिस्सा थे, आज भी हैं और हमेशा रहेंगे।"

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article