Iran US tension latest news: अमेरिकी सेना ने 'Project Freedom' के तहत अपनी सैन्य मौजूदगी को और मजबूत करते हुए अत्याधुनिक F-16 लड़ाकू विमानों को तैनात किया है। United States Central Command (CENTCOM) के मुताबिक, यह ऑपरेशन एक रक्षात्मक पहल है, जिसका मकसद अमेरिकी बलों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार को सुरक्षित रखना है।
जानकारी के अनुसार, इस मिशन में 100 से ज्यादा हवाई और समुद्री प्लेटफॉर्म शामिल हैं, जो रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों पर नजर बनाए हुए हैं। F-16 जैसे आधुनिक लड़ाकू विमान निगरानी, त्वरित प्रतिक्रिया और संभावित खतरों को रोकने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
यह तैनाती ऐसे समय में की गई है, जब मध्य-पूर्व क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है और वैश्विक व्यापार मार्गों की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है। अमेरिका का कहना है कि यह कदम किसी हमले के लिए नहीं, बल्कि अपने हितों और व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा के लिए उठाया गया है।
तो ईरान को मिटा दिया जाएगा: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे फंसे हुए जहाजों को सुरक्षा प्रदान कर रहे अमेरिकी जहाजों पर हमला करता है तो 'धरती के नक्शे से उसका नामोनिशान मिटा दिया जाएगा।' ट्रंप का 'फॉक्स न्यूज' को दिया गया बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान ने कुछ जहाजों पर हमला किया है जिन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति के निर्देश पर अमेरिकी केंद्रीय कमान द्वारा शुरू की गई 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजारा जा रहा था। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर दावा किया कि ईरान ने कुछ जहाजों पर हमला किया है, जिनमें एक दक्षिण कोरियाई मालवाहक जहाज भी शामिल है, जिसे जलडमरूमध्य से गुजारा जा रहा था, जो 28 फरवरी को ईरान के साथ युद्ध शुरू होने के बाद से प्रभावी रूप से बंद है।
