दुनिया

Middle East War: क्या जल्द खत्म होगा ईरान युद्ध, ट्रंप के बयान के क्या मायने?

ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध जल्द खत्म हो सकता है और इसे वह जब चाहें समाप्त कर सकते हैं। हालांकि इजराइल ने साफ कहा है कि सभी सैन्य लक्ष्य पूरे होने तक ईरान पर हमले जारी रहेंगे।

Image

डोनाल्ड ट्रंप

मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध वह जब चाहें तब खत्म कर सकते हैं और यह संघर्ष जल्द समाप्त हो जाएगा। ट्रंप ने एक फोन इंटरव्यू में कहा कि ईरान में अब निशाना बनाने के लिए लगभग कुछ भी बाकी नहीं बचा है।

Axios को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि जब भी मैं चाहूंगा यह युद्ध खत्म हो जाएगा। अब वहां लक्ष्य के तौर पर लगभग कुछ नहीं बचा है। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब मध्य पूर्व में हमले और जवाबी कार्रवाई लगातार जारी हैं।

इजराइल का अलग ही दावा

हालांकि ट्रंप के इस दावे के बीच इजराइल ने साफ कर दिया है कि अभियान अभी खत्म नहीं होगा। इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि अमेरिका के साथ मिलकर चलाया जा रहा सैन्य अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक सभी सैन्य और रणनीतिक लक्ष्य हासिल नहीं हो जाते।

काट्ज ने कहा कि तेहरान समेत पूरे ईरान में हमले दिन-ब-दिन और लक्ष्य-दर-लक्ष्य जारी रहेंगे। उनका कहना है कि इन हमलों का उद्देश्य ईरान की मौजूदा सत्ता को कमजोर करना और वहां के लोगों को सरकार के खिलाफ खड़ा होने का मौका देना है।

ट्रंप का दावा: ईरान की सैन्य क्षमता लगभग खत्म

ट्रंप ने एक दिन पहले CBS न्यूज से बातचीत में भी कहा था कि ईरान की सैन्य क्षमता लगभग समाप्त हो चुकी है। उनके मुताबिक अब ईरान के पास न तो नौसेना बची है, न संचार व्यवस्था और न ही प्रभावी वायुसेना।

उन्होंने कहा कि ईरान की मिसाइलें बिखर चुकी हैं और उनके ड्रोन लगातार नष्ट किए जा रहे हैं। यहां तक कि ड्रोन बनाने की उनकी क्षमता भी खत्म हो रही है। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि सैन्य दृष्टि से ईरान के पास अब कुछ भी नहीं बचा है।

ईरान को ट्रंप की कड़ी चेतावनी

ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि वह किसी भी तरह की नई सैन्य कार्रवाई की कोशिश न करे। उन्होंने कहा कि अगर ईरान ने कोई गलत कदम उठाया तो उसके गंभीर परिणाम होंगे। ट्रंप ने कहा कि उनको जो कुछ चलाना था चला दिया। अब उन्हें कोई चालाकी करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, वरना यह उस देश का अंत हो सकता है।

होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी चेतावनी

इससे पहले ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य में बारूदी सुरंगें बिछाने की खबरों पर भी ईरान को चेतावनी दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा कि अगर ईरान ने इस रणनीतिक समुद्री रास्ते में माइंस बिछाई हैं तो उन्हें तुरंत हटाया जाए। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो अमेरिकी सेना ऐसी कार्रवाई करेगी जिसका स्तर पहले कभी नहीं देखा गया होगा।

गौरतलब है कि होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के तेल व्यापार का सबसे अहम समुद्री मार्ग माना जाता है और यहां किसी भी तरह का सैन्य तनाव वैश्विक ऊर्जा बाजार को प्रभावित कर सकता है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article