Donald Trump News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने आक्रामक तेवरों और मीडिया के साथ तीखी नोकझोंक को लेकर अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में हैं। एनबीसी न्यूज (NBC News) के मशहूर शो 'मीत द प्रेस' (Meet the Press) के लिए दिए जा रहे एक इंटरव्यू के दौरान, राष्ट्रपति ट्रंप बीच में ही अपना माइक निकालकर उठ खड़े हुए और वॉकआउट कर दिया।
एंकर व मॉडरेटर क्रिस्टन वेल्कर (Kristen Welker) द्वारा साल 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में हुई कथित धोखाधड़ी के दावों पर बार-बार सबूत मांगे जाने से ट्रंप इस कदर भड़क गए कि उन्होंने इंटरव्यू को बीच में ही रोक दिया और कहा, 'चलो अब इसे यहीं खत्म करते हैं, क्योंकि अब बहुत हो चुका है। थैंक यू, डार्लिंग।'
ईरान और 'एंटी-वेपनाइजेशन फंड' से शुरू हुआ विवाद
इंटरव्यू की शुरुआत काफी सामान्य रही, जहां ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध को समाप्त करने की वार्ताओं पर विस्तार से बात की। विवाद तब शुरू हुआ जब क्रिस्टन वेल्कर ने उनके 1.8 बिलियन डॉलर के प्रस्तावित 'एंटी-वेपनाइजेशन इनिशिएटिव' (हथियारीकरण विरोधी पहल) पर सवाल पूछा। यह फंड उन लोगों को मुआवजा देने के लिए प्रस्तावित है, जो मानते हैं कि पिछली सरकार (जो बाइडन प्रशासन) द्वारा उन्हें गलत तरीके से निशाना बनाया गया था।
इस मुद्दे पर बोलते हुए ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन और मीडिया पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा, 'यह फंड निष्पक्ष और समझदार लोगों का एक ग्रुप तैयार करेगा जो व्यक्तिगत मामलों की जांच करेंगे। मुझे यह आइडिया पसंद है क्योंकि आप जैसे लोग, फेक और बिकाऊ प्रेस, और बाइडन जैसे मूर्ख लोग... जो इतने समझदार नहीं कि जान सकें कि क्या चल रहा है, लेकिन ओवल ऑफिस में जो लोग उनके आसपास थे, उन्होंने लोगों की जिंदगियां तबाह कर दीं और बेकसूरों को जेल भेज दिया।'
'कैलिफोर्निया में हो रही है धोखाधड़ी', सबूत के सवाल पर भड़के ट्रंप
जब एंकर क्रिस्टन वेल्कर ने कहा कि इन आरोपों का कोई सबूत नहीं है, तो ट्रंप ने गुस्से में पलटवार किया, 'मेरी बात सुनो: इसके जबरदस्त सबूत हैं। सिर्फ और सिर्फ सबूत ही हैं। चुनाव फिक्स था, वह एक गंदा चुनाव था और ऐसा ही अभी इस वक्त कैलिफोर्निया में भी हो रहा है।'
ट्रंप ने दावा किया कि कैलिफोर्निया में मतपत्रों (ballots) की गिनती में हो रही देरी इस बात का सबूत है कि प्रक्रिया में कुछ गड़बड़ है। इस पर वेल्कर ने तर्क दिया कि कैलिफोर्निया के नियमों के मुताबिक, चुनाव के दिन तक मेल किए गए मतपत्रों को बाद में भी स्वीकार और गिना जाता है, जिससे गिनती में समय लगता है। ट्रम्प ने इस स्पष्टीकरण को खारिज करते हुए सीधे कहा, 'आप जानती हैं वे ऐसा क्यों कर रहे हैं? क्योंकि वे चुनाव में धोखाधड़ी कर रहे हैं।' जब वेल्कर ने फिर पुख्ता सबूत मांगा, तो ट्रंप बोले, 'मुझे बस देखना और सुनना है, मैं लोगों की सुनता हूं और देखते हैं आगे क्या होता है।'
एंकर से बोले- 'या तो तुम बिकाऊ हो या मूर्ख'
इंटरव्यू जैसे-जैसे आगे बढ़ा, तनाव चरम पर पहुंच गया। ट्रंप ने वेल्कर से ही सवाल कर दिया कि क्या चुनाव के कई दिनों बाद तक विजेता का तय न हो पाना सही है? वेल्कर ने कहा कि खुद चुनाव अधिकारियों ने गिनती की धीमी रफ्तार की बात मानी है। इस पर ट्रंप ने एनबीसी सहित तमाम मीडिया नेटवर्क को लपेटे में ले लिया। इंटरव्यू के आखिरी मिनटों में ट्रंप ने अमेरिकी चुनाव प्रबंधन की तुलना एक 'थर्ड-वर्ल्ड कंट्री' (तीसरी दुनिया के देश) से कर दी।
उठकर चल दिए ट्रंप
इसके तुरंत बाद ट्रंप ने माइक हटाते हुए कहा कि वे अब और इंटरव्यू नहीं देना चाहते। वेल्कर ने उनसे रुकने की अपील की और कहा कि वे इस इंटरव्यू के लिए विशेष रूप से विस्कॉन्सिन (Wisconsin) से यात्रा करके आई हैं। लेकिन ट्रंप ने खड़े होते हुए आखिरी कड़े शब्द कहे, 'मैंने तुम्हें पर्याप्त समय दे दिया है। तुम्हें अपने प्रेस को सही करना चाहिए, क्योंकि तुम भी जानती हो कि एक बेईमान प्रेस के होते हुए कोई भी देश कभी महान नहीं बन सकता।' इसके बाद वे चल दिए। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हो रहा है।
