दुनिया

अमेरिका के फ्लोरिडा में होमकमिंग समारोह के दौरान भीषण गोलीबारी, कई लोग घायल, इमरजेंसी अलर्ट जारी

टैलाहासी पुलिस विभाग के अधिकारी भारी हथियारों के साथ मौके पर मौजूद हैं और पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। पुलिस प्रवक्ता एलिस हिल ने लोगों से अपील की है कि वे उस क्षेत्र से दूर रहें और जांच में सहयोग करें।

Image

फ्लोरिडा में भीषण गोलीबारी (File photo)

Photo : AP

Shooting At Florida A&M University: अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित फ्लोरिडा ए एंड एम यूनिवर्सिटी (FAMU) में होमकमिंग वीकेंड के जश्न के दौरान शनिवार रात एक बड़ी गोलीबारी की घटना सामने आई है। विश्वविद्यालय के ब्रैग मेमोरियल स्टेडियम (Bragg Memorial Stadium) और पेरी स्ट्रीट के पास हुई इस फायरिंग में कई लोगों के घायल होने की खबर है। इस घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन ने आपातकालीन सुरक्षा चेतावनी जारी की है।

होमकमिंग जश्न के दौरान हमला

शनिवार को FAMU का वार्षिक होमकमिंग उत्सव और परेड आयोजित की गई थी। फुटबॉल मैच के बाद पूर्व छात्रों और प्रशंसकों के जुटने के लिए यूनिवर्सिटी ने टेलगेटिंग के समय को रात 10 बजे तक बढ़ा दिया था, इसी दौरान यह खूनी संघर्ष और गोलीबारी हुई।

शेल्टर-इन-प्लेस का आदेश

गोलीबारी की सूचना मिलते ही यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तुरंत अलर्ट जारी किया। छात्रों, स्थानीय नागरिकों और कैंपस के आसपास मौजूद लोगों को घरों के अंदर रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण यानी शेल्टर इन प्लेस (Shelter-in-Place) लेने के निर्देश दिए गए।

कई लोग घायल हुए

टैलाहासी पुलिस विभाग और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस गोलीबारी में कई लोग घायल हुए हैं। शुरुआती रिपोर्ट्स में कई लोगों के हताहत होने की पुष्टि की गई है, हालांकि घायलों की सटीक संख्या और उनकी स्थिति के बारे में विस्तृत आधिकारिक पुष्टि अभी आनी बाकी है।

इलाके की घेराबंदी

टैलाहासी पुलिस विभाग के अधिकारी भारी हथियारों के साथ मौके पर मौजूद हैं और पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। पुलिस प्रवक्ता एलिस हिल ने लोगों से अपील की है कि वे उस क्षेत्र से दूर रहें और जांच में सहयोग करें। घटना के बाद से ही यूनिवर्सिटी परिसर और आसपास के इलाकों में भारी तनाव का माहौल है। पुलिस हमलावरों की तलाश और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कड़े कदम उठाए हैं और जैसे-जैसे नए तथ्य सामने आ रहे हैं, सुरक्षा एजेंसियों द्वारा लगातार अपडेट दिए जा रहे हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article