US Iran War: ईरान और अमेरिका के बीच चल रहा तनाव अब समुद्र में आमने-सामने की जंग में तब्दील होता दिख रहा है। हाल ही में एक वीडियो सामने आया है जिसमें अमेरिकी नौसेना (US Navy) का एक हेलिकॉप्टर ओमान की खाड़ी में ईरानी मालवाहक जहाज 'एमवी टूस्का' (MV Touska) के बेहद करीब उड़ते हुए उस पर मशीनगन ताने नजर आ रहा है। इस दौरान अमेरिकी सैनिकों ने रेडियो के जरिए जहाज को रुकने की अंतिम चेतावनी भी दी।
क्या है पूरा मामला?
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यह घटना तब हुई जब 'टूस्का' नाम के इस जहाज ने अमेरिका द्वारा लगाई गई समुद्री नाकेबंदी (Naval Blockade) को तोड़ने की कोशिश की।
रेडियो चेतावनी में क्या-क्या कहा गया?
वीडियो में सुना जा सकता है कि एक अमेरिकी नाविक जहाज के क्रू को चेतावनी दे रहा है, "अपने इंजन रूम को खाली कर दें। हम आप पर 'डिसेबलिंग फायर' (जहाज को बेकार करने वाली फायरिंग) करने के लिए तैयार हैं।"
रेडियो पर प्रसारित वीडियो में कहा गया, "यह अमेरिकी युद्धपोत 115 है। आप सैन्य नाकाबंदी वाले क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं। ईरानी बंदरगाहों की यह नाकाबंदी लागू रहेगी और यह ध्वज की परवाह किए बिना सभी जहाजों पर लागू होती है।"
"ईरानी बंदरगाह में प्रवेश करने या उससे बाहर निकलने का इरादा रखने वाले किसी भी पोत पर अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार निरीक्षण और तलाशी का अधिकार लागू होगा। यदि आप नाकाबंदी से भागने का प्रयास करते हैं, तो हम बलपूर्वक अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। समाप्त।"
होर्मुज में बढ़ रहा तनाव
हाल ही में अमेरिका की सेना ने ओमान की खाड़ी में एक ईरानी झंडे वाले जहाज टूस्का पर ऑपरेशन चलाकर कब्जा कर लिया। इसके जवाब में ईरान ने अमेरिकी सैन्य जहाजों को निशाना बनाकर ड्रोन हमले शुरू कर दिए हैं। इस घटना ने क्षेत्र में चल रहे नाजुक दो सप्ताह के युद्धविराम को खतरे में डाल दिया है।
ईरानी मीडिया का दावा है कि ये ड्रोन हमले अमेरिकी कार्रवाई के सीधे जवाब में किए गए हैं। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि ईरान ने कितने ड्रोन भेजे थे और उनसे अमेरिकी जहाजों को कितना नुकसान पहुंचा है।
