अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय की ओर से बड़ी जानकारी शेयर की गई।अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) ने बुधवार को घोषणा की कि नौसेना सचिव जॉन फेलन अपने पद से हट रहे हैं। उनकी रवानगी तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी।
हालांकि उनके पद छोड़ने का कोई सटीक कारण आधिकारिक तौर पर साझा नहीं किया गया है, लेकिन इसे रक्षा मंत्रालय (Pentagon) के शीर्ष नेतृत्व में चल रही उथल-पुथल के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है। फेलन का जाना इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि उन्होंने महज एक दिन पहले ही वाशिंगटन में नौसेना के वार्षिक सम्मेलन को संबोधित किया था।
कौन संभालेंगे जिम्मेदारी?
जॉन फेलन के जाने के बाद, नौसेना के उप-सचिव (Undersecretary) हंग काओ (Hung Cao) को कार्यवाहक सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हंग काओ एक अनुभवी नौसेना दिग्गज (Navy veteran) हैं और 2024 में वर्जीनिया से सीनेट का चुनाव भी लड़ चुके हैं।पेंटागन में लगातार हो रहे बदलाव
पिछले कुछ हफ्तों में रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ (Pete Hegseth) ने कई शीर्ष सैन्य और नागरिक नेतृत्व में बदलाव किए हैं। फेलन से पहले सेना के शीर्ष अधिकारी जनरल रैंडी जॉर्ज को भी उनके पद से हटाया गया था।
जॉन फेलन, जो एक प्रमुख बिजनेस लीडर और ट्रंप के बड़े समर्थक रहे हैं, उन्होंने मार्च 2025 में यह पद संभाला था। उनका कार्यकाल करीब 13 महीने का रहा। यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिकी नौसेना ईरान के खिलाफ वैश्विक मोर्चे पर और समुद्री सुरक्षा चुनौतियों में सक्रिय रूप से शामिल है।
पेंटागन ने युद्ध में एआई का किया इस्तेमाल
हाल ही में एक खबर सामने आई थी कि ईरान युद्ध में पेंटागन आर्टिफिशिय इंटेलिजेंस का जमकर इस्तेमाल कर रहा है। यह एआई सिस्टम ये भी तय कर रहा है कि कौन मरेगा और कौन बचेगा। इसे प्रोजेक्ट मेवन (Project Maven) नाम दिया गया है। प्रोजेक्ट मेवेन को एल्गोरिद्मिक वॉरफेयर क्रॉस फंक्शनल टीम भी कहा जाता है।
इसका मकसद है भारी मात्रा में आने वाले वीडियो, तस्वीर और सर्विलांस डेटा को तेजी से समझना और उसमें से जरूरी जानकारी निकालना। पहले जो काम इंसान घंटों में करता था, अब वही काम AI कुछ मिनटों में कर देता है। यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।
