दुनिया

क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो पर अमेरिका में मर्डर का केस दर्ज, डोनाल्ड ट्रंप बोले- हम क्यूबा को आजाद करा रहे हैं; जानें क्या है मामला

अमेरिका ने 1996 में चार अमेरिकी नागरिकों के विमान को मार गिराने के मामले में क्यूबा के 94 वर्षीय पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो के खिलाफ हत्या और साजिश का आरोप पत्र सार्वजनिक किया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका CIA और विदेश मंत्री मार्को रुबियो की विशेषज्ञता के जरिए क्यूबा को आजाद करा रहा है।

Image

30 साल पुराने विमान हादसे में फंसे 94 वर्षीय राउल कास्त्रो

Photo : AP

अमेरिका और क्यूबा के बीच ऐतिहासिक दुश्मनी एक बार फिर चरम पर पहुंच गई है। अमेरिकी न्याय विभाग ने फ्लोरिडा की एक ग्रैंड जूरी की ओर से जारी की गई क्यूबा के 94 वर्षीय पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो और पांच अन्य अधिकारियों के खिलाफ जारी आपराधिक आरोप पत्र को सार्वजनिक कर दिया है। राउल कास्त्रो पर साल 1996 में अमेरिकी नागरिकों के दो नागरिक विमानों को जानबूझकर मिसाइल से मार गिराने की साजिश रचने और हत्या का गंभीर आरोप है। इस बड़े कानूनी एक्शन के तुरंत बाद व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "हम क्यूबा को आजाद करा रहे हैं और वहां के नागरिकों की हर संभव मदद करेंगे।"

'हमारे पास CIA और मार्को रुबियो जैसी विशेषज्ञता'

राष्ट्रपति ट्रंप ने इस बात पर जोर दिया कि द्वीप राष्ट्र क्यूबा में अमेरिका की मजबूत पैठ है। ट्रंप ने कहा, "क्यूबा में हमारे बहुत से लोग हैं। वहां हमारी खुफिया एजेंसी CIA मौजूद है। इसके अलावा हमारे विदेश मंत्री मार्को रुबियो खुद क्यूबा मूल के हैं, इसलिए हमारे पास वहां के मामलों की गहरी विशेषज्ञता है। हम क्यूबा के लोगों की मानवीय आधार पर मदद करने जा रहे हैं।" ट्रंप ने मियामी में रह रहे क्यूबाई प्रवासियों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की आबादी अटॉर्नी जनरल के इस कदम की सराहना कर रही है। उन्होंने क्यूबा को एक 'विफल राष्ट्र' बताते हुए कहा कि वहां की सरकार नियंत्रण खो चुकी है। हालांकि, ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि इस कदम से दोनों देशों के बीच कोई सैन्य टकराव या तनाव नहीं बढ़ेगा।

क्या था 1996 का 'ब्रदर्स टू द रेस्क्यू' विमान हादसा?

यह पूरा मामला 24 फरवरी 1996 का है, जब मियामी के एक मानवाधिकार और स्वयंसेवी संगठन 'ब्रदर्स टू द रेस्क्यू' के तीन निहत्थे नागरिक विमान समुद्र में फंसे क्यूबाई प्रवासियों की मदद के लिए उड़ान भर रहे थे। आरोप है कि अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र में क्यूबा के लड़ाकू विमानों ने राउल कास्त्रो के आदेश पर इन पर हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलें दाग दीं। इस हमले में दो विमान पूरी तरह नष्ट हो गए और चार अमेरिकी नागरिकों की मौत हो गई थी। राउल कास्त्रो उस समय क्यूबा के रक्षा मंत्री थे। अमेरिकी कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने मियामी में पीड़ितों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, "इतिहास में पहली बार क्यूबा शासन के शीर्ष नेतृत्व पर अमेरिकी नागरिकों की हत्या के लिए मुकदमा दर्ज किया गया है।"

क्यूबा के राष्ट्रपति का पलटवार: 'सैन्य हमले का बहाना बना रहा अमेरिका'

इस अमेरिकी कार्रवाई पर क्यूबा के वर्तमान राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल बरमूडेज ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अमेरिकी कदम की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उन्होंने इसे पूरी तरह राजनीतिक हथकंडा करार दिया। क्यूबाई राष्ट्रपति ने कहा, "यह पूरी कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है और इसका कोई कानूनी आधार नहीं है। अमेरिका जानबूझकर झूठे दस्तावेज और मनगढ़ंत कहानियां तैयार कर रहा है, ताकि क्यूबा के खिलाफ अपनी सैन्य आक्रामकता की बेवकूफी को सही ठहरा सके।" उन्होंने दावा किया कि 1996 में क्यूबा ने अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय जलसीमा की रक्षा के लिए कदम उठाया था।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article