US Hindu Temple Attack: अमेरिका में एक हिंदू मंदिर पर एक बार हमला हुआ है। अमेरिका के कैलिफोर्निया चिनो हिल्स स्थित बीएपीएस हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की गई और उस पर आपत्तिजनक संदेश लिख दिए गए हैं। मंदिर परिसर में भारत के खिलाफ नारे लिखे गए हैं, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लिखे गए हैं।
श्री स्वामीनारायण मंदिर में शनिवार को तोड़फोड़
कैलिफोर्निया में सबसे बड़े हिंदू मंदिर, चिनो हिल्स स्थित बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर में शनिवार को तोड़फोड़ की गई। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने इस मामले की एफबीआई जांच की मांग की है।
BAPS ने क्या कहा
संयुक्त राज्य अमेरिका के BAPS के आधिकारिक पेज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना का विवरण साझा किया। इसमें इस पर भी जोर दिया गया कि वे "नफरत को कभी जड़ नहीं जमाने देंगे" तथा शांति और करुणा कायम रहेगी। एक्स पर एक पोस्ट में, BAPS पब्लिक अफेयर्स ने लिखा, "एक और मंदिर अपवित्रता के सामने, हिंदू समुदाय नफरत के खिलाफ डटकर खड़ा है। चिनो हिल्स और दक्षिणी कैलिफोर्निया के समुदाय के साथ मिलकर, हम कभी भी नफरत को जड़ नहीं जमाने देंगे। हमारी साझा मानवता और आस्था यह सुनिश्चित करेगी कि शांति और करुणा कायम रहे।"
2012 में हुआ था चिनो हिल्स के BAPS मंदिर का उद्घाटन
1905 में स्थापित BAPS या बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था के दुनिया भर में 1,300 से ज़्यादा हिंदू मंदिर हैं। इनमें से लगभग कुछ दर्जन शिखरबद्ध मंदिर (बड़े पारंपरिक पत्थर के मंदिर) हैं, जो लंदन, शिकागो, टोरंटो और नैरोबी सहित दुनिया भर के प्रमुख शहरों में स्थित हैं। लॉस एंजिल्स के पास चिनो हिल्स में स्थित शिखरबद्ध मंदिर, जिसे शनिवार को तोड़फोड़ का सामना करना पड़ा, इन शिखरबद्ध मंदिरों में से एक था। इसका उद्घाटन 2012 में हुआ था।
