दुनिया

अमेरिकी संसद में ट्रंप की बड़ी जीत, विपक्ष को मात दे पास कराया 'वन बिग ब्यूटीफुल बिल'

'वन बिग ब्यूटीफुल बिल' अमेरिकी इतिहास के सबसे बड़े कर सुधारों में से एक है, जिसकी सराहना और आलोचना — दोनों हो रही हैं। जहां रिपब्लिकन इसे आर्थिक विकास का इंजन बता रहे हैं, वहीं डेमोक्रेट इसे सामाजिक असमानता को बढ़ाने वाला कदम मानते हैं।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)

Photo : AP

अमेरिकी संसद में डोनाल्ड ट्रंप ने उस बिल को पास करा लिया है, जिसे लेकर वो दोस्त एलन मस्क से झगड़ पड़े थे। अमेरिकी संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा ने गुरुवार को एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 4,500 अरब डॉलर के कर छूट और व्यय कटौती विधेयक को पारित कर दिया। 'वन बिग ब्यूटीफुल बिल' को 218 के मुकाबले 214 मतों से मंजूरी मिली, जो अमेरिकी राजनीति में एक नए आर्थिक दौर की शुरुआत का संकेत माना जा रहा है।

अपनों ने भी किया विरोध

इस विधेयक को मुख्य रूप से रिपब्लिकन पार्टी का समर्थन प्राप्त रहा, हालांकि दो रिपब्लिकन सांसदों ने डेमोक्रेटिक पार्टी का साथ देते हुए विधेयक का विरोध किया। यह विधेयक अब राष्ट्रपति ट्रंप के हस्ताक्षर के लिए भेजा जाएगा, जो विधेयक को अपनी प्रशासनिक नीति की बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत कर सकते हैं।

डेमोक्रेट नेता हकीम जेफ्रीस का मैराथन भाषण

न्यूयॉर्क से डेमोक्रेट नेता हकीम जेफ्रीस ने इस विधेयक का तीखा विरोध करते हुए 8 घंटे से अधिक समय तक भाषण दिया, जिससे मतदान प्रक्रिया में देरी हुई। उनका यह भाषण अमेरिकी संसदीय इतिहास में सबसे लंबे विरोध भाषणों में गिना जा रहा है। जेफ्रीस ने कहा कि यह विधेयक "अमीरों को फायदा पहुंचाने और मध्यम वर्ग को बोझिल करने वाला कदम" है।

सीनेट से पहले ही मिल चुकी थी मंजूरी

इससे पहले, सीनेट में यह विधेयक पहले ही पारित हो चुका था, जिससे इसका रास्ता प्रतिनिधि सभा में साफ हो गया था। अब इसे ट्रंप द्वारा हस्ताक्षरित किए जाने के बाद, यह कानून बन जाएगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article